गोंडा जिले में एक महिला का मौत से पहले का वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें वह गंभीर आरोप लगा रही है। पुलिस ने इस मामले में पति समेत पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
गोण्डा जिले में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मायके पक्ष ने पति समेत ससुराल पक्ष के पांच लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। सूचना मिलने के बाद परिवार मौके पर पहुंचा तो अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी। जिससे परिजनों का शक और गहरा गया।
जलौन जिले के थाना कदौरा क्षेत्र के गांव चकेला के रहने वाले अलताब हुसैन ने वर्ष 2016 में उनकी पुत्री की शादी गोण्डा के कटहा घाट गजनी आरा मशीन के पास रहने वाले शाहरूख उर्फ रियाज के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा उसे प्रताड़ित किया जाता था। 24 फरवरी को संदिग्ध परिस्थितियों में उसकी मौत हो गई। मृतका के पिता ने कोतवाली नगर थाना क्षेत्र में अपनी पुत्री नाजरा खातून की हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि नाजरा खातून के दो छोटे बच्चे हैं। कई बार आपसी समझौते के बाद भी पति, देवर, देवरानी, सास और ससुर द्वारा मारपीट और मानसिक उत्पीड़न किया जाता रहा। आरोप है कि 24 फरवरी 2026 की सुबह करीब पांच बजे देवर शहबाज ने मोबाइल फोन से सूचना दी कि नाजरा खातून की मौत हो गई है। लेकिन घटना के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। परिजन जब मौके पर पहुंचे तो अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी। इससे परिजनों ने हत्या की आशंका जताई और पति शाहरूख उर्फ रियाज, देवर शहबाज, देवरानी रोशनी खातून, ससुर इलियास उर्फ राजू और सास रूकसाना के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पिता की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि 24 फरवरी को कोतवाली नगर पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि एक महिला नाजर खातून जो मूल रूप से जालौन की रहने वाली है। करीब 10 वर्ष पूर्व कोतवाली क्षेत्र के रहने वाले शाहरुख से उसकी शादी हुई थी। महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई है। इस सूचना पर पुलिस और उच्च अधिकारियों द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। शव का पंचायत नामा और पोस्टमार्टम कराया गया। इस प्रकरण में महिला का एक वीडियो सामने आया है। जिसमें महिला द्वारा बताया जा रहा है कि उसके पति द्वारा लगातार उसे प्रताड़ित किया जा रहा था। मृतका के पिता की तहरीर पर ससुराली जनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले में आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।