गोंडा

जमीन के झगड़े में बुझ गया घर का चिराग: चाचा-भतीजे के विवाद में युवक को पीटकर ट्रैक्टर से कुचला

गोंडा जिले में चाचा भतीजे के बीच चल रहे जमीनी विवाद में ने लिया खौफनाक रूप ले लिया। आरोप है कि युवक को पहले पीटा गया। फिर ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद से पूरे गांव में मातम छा गया है।

2 min read
Apr 06, 2026
थाना पहुंच पीड़ित परिवार फोटो सोर्स पत्रिका

गोंडा जिले में जमीन को लेकर चल रहे पारिवारिक विवाद ने एक युवक की जान ले ली। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ झगड़ा इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने पहले युवक को बेरहमी से पीटा और फिर ट्रैक्टर से कुचल दिया। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। वहीं मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

गोंडा जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्रामसभा तुलसीपुर माझा के पूरे अर्जुन मजरे में रविवार शाम एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। यहां जमीन के पुराने विवाद ने ऐसा खूनी रूप ले लिया कि एक युवक की निर्मम हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान रिंकू यादव पुत्र लख्खु यादव के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, रविवार करीब शाम चार बजे रिंकू यादव खेत में लगे कंटीले तारों की निगरानी कर रहा था। तभी विवादित पक्ष के लोग वहां पहुंच गए और कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला हिंसा में बदल गया। और आरोपियों ने लाठी-डंडों से रिंकू पर हमला कर दिया। वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। आरोप है कि इसके बाद हमलावरों ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए ट्रैक्टर से उसे कुचल दिया। इस भयावह घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। घायल रिंकू को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों का कहना है कि जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले भी कई बार विवाद और मारपीट हो चुकी थी। पुलिस में शिकायत भी की गई थी। लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से आरोपियों के हौसले बढ़ गए। और उन्होंने इतनी बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और क्षेत्राधिकारी तरबगंज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। गांव में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

सीओ बोले-ट्रैक्टर आगे-पीछे करते समय युवक उसकी चपेट में आ गया


सीओ का कहना है, कि चाचा-भतीजे के बीच विवाद के दौरान यह घटना हुई है। मारपीट के बीच ट्रैक्टर आगे-पीछे किया गया। जिससे युवक उसकी चपेट में आ गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही जा रही है।

Published on:
06 Apr 2026 06:21 am
Also Read
View All

अगली खबर