फूफा के घर शादी से लौटते समय बाइक सवार दो युवकों को गोंडा- बलरामपुर हाईवे पर रोडवेज बस ने ठोकर मार दी। जिससे दोनों युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना परिजनों तक पहुंचते ही घर में कोहराम मच गया।
गोण्डा जिले में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां मातम में बदल दीं। शादी समारोह से लौट रहे दो युवकों को अज्ञात रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक बस सहित फरार हो गया।
गोण्डा जिले के खरगूपुर थाना क्षेत्र में गोंडा-बलरामपुर रोड स्थित शिवगढ़ पौधशाला के पास शनिवार शाम हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि बाइक सवार दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान देहात कोतवाली क्षेत्र के धनौली गांव के रहने वाले 15 वर्षीय आकाश शाहू पुत्र श्रीशांत और 19 वर्षीय दीपांशु पुत्र स्वर्गीय शिव प्रसाद साहू के रूप में हुई है। दोनों आपस में रिश्तेदार थे। और बलरामपुर के खलवा मोहल्ला स्थित अपने फूफा के घर शादी समारोह में शामिल होने गए थे। बताया जा रहा है कि खुशी-खुशी समारोह से लौटते समय उनकी बाइक को तेज रफ्तार अज्ञात रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद चालक बस सहित मौके से फरार हो गया। इस हादसे की खबर जैसे ही धनौली गांव पहुंची। वहां शोक की लहर दौड़ गई। जिन घरों में शादी की खुशियों की चर्चा थी। वहां अब मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरवाने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी शेषमणि पांडेय ने बताया कि मृतक के ममेरे भाई की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।