गोंडा

यूपी में ठंड ने दी दस्तक! इस साल पड़ने वाली है कड़ाके की सर्दी, रात में लुढ़का पारा, जानिए IMD का अपडेट 

उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में ठंड ने दस्तक दे दी है। राज्य में सुबह शाम ठंडक महसूस हो रही है। मानसून के विदाई के साथ प्रदेश में इस समय मौसम के मिजाज में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है।
less than 1 minute read
Oct 16, 2024
Feature image

दुर्गा पूजा के बाद से मौसम में तेजी से बदलाव हो रहा है। यूपी- बिहार समेत कई राज्यों में सुबह-शाम ठंड का एहसास होने लगा है। यूपी के कई जिलों में तापमान में गिरावट देखने को मिली है। मौसम विभाग के अपडेट के मुताबिक दिवाली के बाद से उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड शुरू हो जाएगी। प्रदेश में करीब एक हफ्ते तक कहीं भी किसी भी तरह का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार दिन गुजरने के साथ ही तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है। आगामी दिनों में रात के समय धीरे-धीरे ठंड बढ़ने के आसार हैं।

रात में लुढ़का पारा

उत्तर प्रदेश में इस समय उत्तर पश्चिमी हवाएं प्रवाहित हो रही हैं, जिससे न्यूनतम तापमान में गिरावट आ रही है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, प्रयागराज, कौशाम्बी, प्रतापगढ़, चित्रकूट, बांदा, बाराबंकी, लखनऊ, अयोध्या, वाराणसी, जौनपुर, मिर्जापुर, गाजीपुर, सोनभद्र और चंदौली में न्यूनतम तापमान पिछले दिनों की अपेक्षा काफी नीचे आया है। इन शहरों में न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरकर 20 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है, जबकि अधिकतम तापमान औसत 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है।

इस साल पड़ेगी कड़ाके की ठंड 

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक इस साल इस साल कड़ाके की ठंड पड़ने की भी संभावना है। मौसम विभाग के अपडेट के मुताबिक नवंबर शुरू होने से पहले ही उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड शुरू हो जाएगी। भारी बारिश के बाद अब लोगों को ठंड का भी रौद्र रूप देखना होगा। खासतौर पर उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, राजस्थान, मध्य प्रदेश और हरियाणा पंजाब में अगले एक सप्ताह में ही तापमान काफी नीचे जा सकता है। 

Published on:
16 Oct 2024 09:36 am