गोरखपुर

UP Politics: यूपी में फिर साथ दिखेंगे अखिलेश-राहुल, कांग्रेस सह-प्रभारी ने सीट शेयरिंग को लेकर कही ये बात

Congress SP Alliance: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। कांग्रेस के यूपी सह-प्रभारी ने बड़ा दावा करते हुए कहा है कि उनकी पार्टी राज्य में समाजवादी पार्टी (सपा) के साथ गठबंधन में ही चुनाव लड़ेगी।
2 min read
shyamkumar daulat barve
श्याम कुमार दौलत बर्वे (फोटो एएनआई)

UP Election 2027: उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से राजनीति माहौल बनने लग गया है। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने बुधवार बड़ा ऐलान किया है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के सह प्रभारी सांसद श्याम कुमार दौलत बर्वे ने गोरखपुर में दावा किया है कांग्रेस आने वाले विधानसभा चुनाव समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन में ही लड़ेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और सपा दोनों दलों के बीच गठबंधन को लेकर स्थिति साफ है। सीट शेयरिंग पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि अंतिम फैसला सपा प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बीच होगा। इसको लेकर राहुल और अखिलेश में बातचीत चल रही है।

जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं से ली जा रही राय

2027 के चुनाव के लिए कांग्रेस अपनी रणनीति के तहत काम में जुटी हुई है। सांसद श्याम कुमार दौलत बर्वे ने कहा कि मिशन 2027 को लेकर पार्टी बूथ से जिला स्तर पर संगठन को मजबूत कर रही है। पार्टी में जिला अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण संगठनात्मक पद पर भी कार्यकर्ताओं की राय को सबसे ऊपर रखा जा रहा है। जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं से राय मांगी जा रही है। उनके सुझावों के आधार पर संगठन को नई मजबूती दी जाएगी।

इमरान मसूद के बयान से गठबंधन पर नहीं पड़ेगा कोई असर

कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के बयानों पर श्याम कुमार दौलत ने कहा कि कोई भी नेता अपने विचार रखने के लिए स्वतंत्र हैं। कांग्रेस के नेता तो कुछ अधिक स्वतंत्र हैं, इसलिए वे समय-समय पर अपनी बात रखते रहते हैं। उन्होंने कहा कि नेताओं के अलग-अलग बयानों का सपा-कांग्रेस गठबंधन पर कोई असर नहीं पड़ेगा। यूपी में कांग्रेस और सपा दल साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे और सीटों का अंतिम फैसला शीर्ष नेतृत्व करेगा।

गुटबाजी के सवाल पर बीजेपी पर किया पलटवार

उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को सक्रिय कर संगठन की पहुंच गांव और बूथ स्तर तक मजबूत करना है। इसके साथ ही संगठन की मजबूत और जनता के मुद्दों को लेकर पार्टी ने मिशन 2027 की तैयारियां पूरी कर ली है। कांग्रेस में गुटाजी के आरोपों पर उन्होंने कहा कि पहले बीजेपी को अपने अंदर की स्थिति को देखना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बीच क्या चल रहा है? इस पर भाजपा को विचार करना चाहिए।

Updated on:
26 Aug 2026 07:01 pm
Published on:
26 Aug 2026 07:00 pm