
चोटिल छात्र ( सोर्स: पत्रिका)
Gorakhpur News:गोरखपुर के जुबली इंटर कॉलेज में दोपहर छात्रों के दो गुटों में जमकर मारपीट और चाकूबाजी हुई। इस दौरान 4 छात्र घायल हो गए। खून से लथपथ छात्रों को कॉलेज प्रशासन जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां इलाज चल रहा है। घटना की सूचना पर कोतवाली पुलिस भी पहुंचकर छात्रों का बयान ले रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरा से जांच कर रही है। कैमरे की मदद से आरोपी छात्रों का पता लग सकेगा। यह विवाद 9वीं और 10वीं के छात्रों के दो गुटों में हुआ है। घटना की सूचना पर कोतवाली पुलिस भी पहुंचकर छात्रों का बयान ले रही है।
जानकारी के मुताबिक, बक्शीपुर स्थित जुबली इंटर कॉलेज गेट पर सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे स्कूल ड्रेस में कुछ छात्र बाहर निकले। तभी बाहर इंतजार कर रहा दूसरा गुट उनपर चाकू से हमला कर दिया। इसमे बाहरी लड़के भी शामिल थे। इस दौरान वहां और भी छात्र एकत्रित हो गए। दोनों गुटों में मारपीट होने लगी। स्कूल गेट पर अफरातफरी का माहौल हो गया। चाकूबाजी की इस घटना में चार छात्र घायल हो गए। इसमे 7वीं क्लास का प्रथम सोनकर, 9वीं का अक्षत सिंह, 10वीं का प्रिंस प्रजापति घायल हुए हैं। छात्रों ने बताया कि दो दर्जन से अधिक बाहरी छात्रों ने हमला किया है।
जुबली इंटर कॉलेज के प्रिंसिपल विश्वजीत प्रकाश ने बताया कि छात्रों के दो गुटों में मारपीट की सूचना मिली थी। स्कूल के टीचर्स घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाए हैं। पुलिस काे सूचना दे दी गई है। घायलों के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है।
गोरखपुर के कोतवाली इलाके के जगरनाथपुर में नाबालिग से रंगदारी वसूलने का मामला सामने आया है। मोहल्ले के ही एक मनबढ़ पर नाबालिग बच्चे को पिस्टल दिखाकर घर से जेवरात मंगाने का आरोप लगा है। पीड़ित पिता की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने नाबालिग आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जगरनाथपुर निवासी पवन जायसवाल ने रविवार को कोतवाली थाने में तहरीर दी। जिसके आधार पर मोहल्ले के ही नाबालिग के खिलाफ जबरन वसूली, मारपीट करने की धारा में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके 13 साल के बेटे को मोहल्ले का ही लड़का धमका रहा था।
आरोप लगाया कि मनबढ़ ने पिस्टल दिखाकर कहा कि अपने घर के सारे जेवरात लेकर आओ, नहीं तो तुम्हारे मां-बाप की हत्या कर दूंगा। डर कर बच्चा घर के 4 सोने की चूड़ी, 2 सोने की अंगूठी और 2 सोने के झुमके लाकर आरोपी को दे दिया। जब पिता को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने आरोपी से शिकायत की।
कोतवाली थाना प्रभारी पंकज सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस मामले की जांच नगर निगम चौकी इंचार्ज को सौंपी गई है।
Updated on:
24 Aug 2026 06:57 pm
Published on:
24 Aug 2026 06:56 pm
