Jhalana

सांसदों का वेतन बाहरी कमेटी तय करेः योगी आदित्यनाथ

लोकसभा में सांसद वेतन रिव्यू कमेटी के अध्यक्ष हैं योगी  एम्स पर प्रदेश सरकार पर गुमराह करने का लगाया आरोप

less than 1 minute read
Dec 25, 2015
गोरखपुर. सदर सांसद एवं लोकसभा में सांसद वेतन रिव्यू कमेटी के अध्यक्ष योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि सांसदों को अपना वेतन खुद नहीं तय करना चाहिए। इसके लिए एक बाहरी कमेटी हो जो इसकी रिपोर्ट दे।
शुक्रवार को वे पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वेतन तय करने के लिए जो कमेटी बनती है वह आंतरिक होती है। संसद सदस्य ही उस कमेटी में होते हैं। होना यह चाहिए कि इसके लिए एक अलग व्यवस्था हो। एक मैकेनिज्म के तहत यह तय हो।
नवाज शरीफ के जन्मदिन पर मोदी द्वारा जाकर बधाई देने की बात कहने पर उन्होंने कहा कि पड़ोसी तो हम बदल नहीं सकते। सारी दुनिया पाकिस्तान के नापाक हरकतों के बारे में जानता है। हम हमेशा चाहते रहे हैं कि वह सुधर जाए। उन्होंने कहा कि मोदी जी भी देशहित में ऐसा कदम उठा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गोरखपुर में एम्स को लेकर गलत बयानबाजी कर रही है।केंद्र सरकार एम्स के लिए धन देने को तैयार है। कई बार केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री प्रदेश सरकार को पत्र लिख चुके हैं लेकिन न तो मुख्यमंत्री ना ही उनके अधिकारी कोई जवाब दे रहे हैं। एम्स के लिए फोरलेन सड़क जरुरी है राज्य अभी वह नहीं दे सकी है।

Published on:
25 Dec 2015 05:40 pm
Also Read
View All