ग्रेटर नोएडा के सेक्टर बीटा-1 में एक मर्चेंट नेवी ऑफिसर के घर बदमाशों ने हथियारों के बल पर लूट की वारदात को अंजाम दिया है। पीड़ित ऑफिसर ने बताया कि सुबह 4 बजे चार बदमाशों ने घर पर धावा बोल दिया और मां-पत्नी समेत बच्चे को पिस्टल की नोक पर बंधक बना लिया और जमकर लूटपाट की।
ग्रेटर नोएडा के सेक्टर बीटा-2 कोतवाली क्षेत्र में एक मर्चेंट नेवी ऑफिसर के घर बदमाशों ने हथियारों के बल पर लूट की वारदात को अंजाम दिया है। पीड़ित ऑफिसर रविंद्र जैन ने बताया कि रविवार-सोमवार की दरमियानी रात एक बजे वह दिल्ली एयरपोर्ट जाने के लिए घर से निकले थे। इसके बाद सुबह तड़के चार बजे चार बदमाशों ने घर पर धावा बोल दिया। बदमाशों ने घर में मां, पत्नी और बच्चे को पिस्टल की नोक पर बंधक बना लिया और जमकर लूटपाट की। उन्होंने बताया कि बदमाश घर ढाई लाख रुपये कैश, 6 हजार डालर, मोबाइल और लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर लूट ले गए हैं।
दरअसल, यह घटना ग्रेटर नोएडा के सेक्टर बीटा-2 कोतवाली क्षेत्र के बीटा-1 सेक्टर की है। जहां मर्चेंट नेवी ऑफिसर रविंद्र जैन अपने परिवार के साथ रहते हैं। रविंद्र जैन ने पुलिस को तहरीर में बताया कि वह देर रात करीब एक बजे दिल्ली एयरपोर्ट के लिए रवाना हुए थे। इसके बाद करीब सुबह चार बजे चार बदमाश उनके घर पहुंच गए और मां, पत्नी और बच्चे को पिस्टल की नोक पर बंधक बना लिया। जब उनके बेटे ने इसका विरोध किया तो बदमाशों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद बदमाशों ने इत्मीनान से पूरा घर खंगाला। बदमाश घर में रखे ढाई लाख रुपये, 6 हजार डॉलर, मोबाइल और लाखों रुपये कीमत की सारी ज्वेलरी लूट ले गए हैं।
पुलिस ने किया जल्द खुलासे का दावा
डीसीपी ग्रेटर नोएडा अभिषेक वर्मा का कहना है कि रविंद्र जैन मर्चेंट नेवी ऑफिसर हैं। बीटा-2 थाना पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। पुलिस का दावा है वारदात का जल्द खुलासा करते हुए बदमाशों को गिरफ्तार किया जाएगा।