गुना

घर में काम कर रही नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, गुना में 13 महीने की बच्ची के सिर से उठा मां का साया

Newly Married Woman Suspicious Death Case: करीब ढाई साल पहले हुई थी शादी, घर मे काम करते वक्त चक्कर आया और सीने में दर्द हुआ, पति अस्पताल लेकर पहुंचा तो डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
2 min read
Jul 01, 2026
guna
newly married woman laxmi kanwar suspicious death, नवविवाहिता लक्ष्मी कंवर की जीवित अवस्था की तस्वीर (source-patrika)

Guna Newly Married Woman Suspicious Death Case: मध्यप्रदेश के गुना में एक नवविवाहिता की मौत का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। घटना जामनेर थाना क्षेत्र की है। यहां रहने वाली 20 वर्षीय नवविवाहिता की घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। नवविवाहिता की अचानक तबीयत बिगड़ी और जब तक पति उसे अस्पताल लेकर पहुंचा देर हो चुकी थी। नवविवाहिता की एक 13 महीने की मासूम बच्ची है जिसके सिर से हमेशा के लिए मां का साया उठ गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में ले लिया है।

काम करते वक्त बिगड़ी तबीयत

जामनेर में रहने वाली 20 वर्षीय नवविवाहिता लक्ष्मी कंवर रोजाना की तरह बुधवार को घर में काम कर रही थी। काम करते-करते उसे चक्कर आया और सीने में दर्द उठा, पति पृथ्वीराज सिंह परिजनों के साथ तुरंत लक्ष्मी कंवर को पीपड़खेड़ी में अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन हालत ज्यादा बिगड़ने पर डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन लक्ष्मी को जिला अस्पताल लेकर पहुंचते इससे पहले ही रास्ते में उसकी सांसें थम गईं। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने लक्ष्मी को मृत घोषित कर दिया, जिससे परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

करीब ढाई साल पहले शादी, 13 महीने की बच्ची है

पति पृथ्वीराज सिंह ने बताया कि लक्ष्मी मूल रूप से जयपुर के पास के एक गांव की रहने वाली थी। करीब ढाई साल पहले उनकी शादी हुई थी, 13 महीने की एक मासूम बच्ची है, जिसके सिर से मां का साया हमेशा के लिए उठ चुका है। लक्ष्मी की मौत से परिजनों का रो-रोककर बुरा हाल है। घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मौत के कारणों का खुलासा नहीं

पति पृथ्वीराज सिंह व परिजनों ने शुरूआती पूछताछ में पुलिस को बताया है कि लक्ष्मी को किसी तरह की कोई बीमारी नहीं थी। वो रोजाना की तरह घर में काम कर रही थी और अचानक उसकी तबीयत बिगड़ी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। हार्ट अटैक से मौत होने की आशंका भी जताई जा रही है।

Published on:
01 Jul 2026 07:36 pm