
चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिन्दर सिंह ने राज्य के निवासियों को बैसाखी के अवसर पर घर ही में रहकर प्रात:काल 11 बजे अरदास करने की अपील की थी। इसका असर हुआ। पंजाब के घर-घर में अरदास की गई। मुख्यमंत्री ने सोमवार को लोगों का इस बात के लिए धन्यवाद किया कि उन्होंने सरबत के भले के लिए अपने घरों में रहते हुए ही अरदास करके बैसाखी का पवित्र और पावन त्योहार मनाया।
मुख्यमंत्री ने दिया धन्यवाद
मुख्यमंत्री ने अपने निवास स्थान से बैसाखी की अरदास की। आशा जताई कि लोगों द्वारा एकसाथ की गई अरदास पंजाब को सुरक्षित रखते हुए जानलेवा कोरोनावायरस के खि़लाफ़ जीत यकीनी बनाएगी। इस मुश्किल घड़ी में लोगों द्वारा मिले सहयोग के लिए उनका धन्यवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह समय की माँग है कि सभी जि़म्मेदारी से व्यवहार करें और इस महामारी को फैलने से रोकने में अपना योगदान दें। उन्होंने लोगों का इस बात के लिए भी धन्यवाद किया कि सामाजिक दूरी यकीनी बनाए रखने के लिए उनकी सरकार द्वारा तीन हफ्ते पहले लगाया गया कर्फ्यू और लॉकडाउन की बंदिशों की पालना वह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस मुश्किल घड़ी में पंजाबियों का अंदरूनी जज़्बा और ऊँचा मनोबल एक बार फिर सामने आया।
राज्य सरकार की तैयारी
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘बदकिस्मती से हमें इस कर्फ्यू के समय में दो हफ़्तों का और विस्तार करके पहली मई तक करना पड़ा। हालात नाजुक होने के कारण और कोई रास्ता भी नहीं था।’’ उन्होंने उम्मीद जताई कि अब तक राज्य बड़े स्तर पर इस महामारी पर काबू पाने में सफल रहा है और आगे भी स्थिति को स्थिर बनाए रखने में समर्थ रहेगा। उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि सरकार सप्लाई चेन को सुचारु बनाने के साथ-साथ यह भी यकीनी बनाएगी कि प्रवासी मज़दूरों समेत कोई भी व्यक्ति भूखा न रहे। उन्होंने कहा कि गेहूँ की निर्विघ्न कटाई और खरीद के लिए प्रबंध किये जा चुके हैं, जो 15 अप्रैल से शुरू की जानी है। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य को लॉकडाउन से धीरे-धीरे बाहर निकालने को यकीनी बनाने के लिए और कदम उठाए जाएंगे, जिससे अर्थव्यवस्था और उद्योग के हित में हालात आम की तरह बनाए जा सकें।
सांसद गुरजीत सिंह औजला की अरदास
अमृतसर में कांग्रेस सांसद गुरजीत सिंह औजला ने मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के आवाहन पर घर पर रहकर ही बैसाखी का त्योहार मनाया। इस मौके पर गुरजीत सिंह औजला ने कहा कि संकट की इस घड़ी में मैंने और मेरे परिवार ने बैसाखी पर्व पर सरबत दा भला की अरदास की है। वाहेगुरु मेहर करेगा और हम जीतेंगे। वाहेगुरु जरूर सुनेगा। उन्होंने कहा कि पहली बार ऐसा हो रहा है कि सोमवार को बैसाखी के दिन खेतों और गुरुद्वारों में गिद्दा-भांगड़ा और धार्मिक कार्यक्रमों की धूम नहीं है। हर तरफ सन्नाटा पसरा हुआ है। जलियांवाला बाग और श्री आनंदपुर साहिब में भी सन्नाटा पसरा है। पंजाब के लिए धार्मिक और किसानों के लिए आर्थिक रूप से बैसाखी से ज्यादा महत्वपूर्ण कोई दूसरा दिन नहीं है। सिख पंथ के लिए इससे बड़ा कोई त्योहार कोई नहीं, लेकिन इस बार सब फीका पड़ चुका है। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की तरफ से भी लोगों से घरों में रहकर जाप करने की अपील की गई है।