पत्नी को मरा समझकर पति घर में भागा, मरने से पहले पत्नी ने बताया पूरा सच...
बेटियां भले ही बेटों से कम नहीं हों, लेकिन आज भी बेटे का बाप बनने की हसरत पीछा नहीं छोड़ रही। ग्वालियर में ऐसा ही एक वाक्या सामने आया, जब बेटे का बाप बनने की इच्छा लिए बैठे एक शख्स के यहां दो बार बेटियों ने जन्म लिया। इसके लिए वह पत्नी को दोषी मान उसकी जान ले बैठा। गुस्से में उसने पत्नी का गला घोंट दिया, लेकिन पत्नी ने मरने से पहले पति का सच बता दिया। घटना 13 दिसंबर की है।
गंभीर हालत में देवर लेकर पहुंचा था अस्पताल
हुरावली निवासी दशरथ पाल घर से गायब था और उसकी पत्नी गंभीर हालत में घर में पड़ी थी। रात में देवर मनीष ने उसे देखा तो सांसें चल रही थीं। तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया और अनहोनी की आशंका में पुलिस को सूचना दी। उसने पुलिस को बताया कि भाई दशरथ गायब था और भाभी सृष्टि बोलने की स्थिति में नहीं थी। इसलिए उन्हें उठाकर अस्पताल लाया था। उपचार के दौरान एक दिन बाद सृष्टि ने दम तोड़ दिया। लेकिन मरने से पहले सृष्टि ने अपने बयान में मारने वाले का राज खोल दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दम घुटने से जाहिर हो गया महिला की हत्या हुई है।
यह भी पढ़ें- घबराहट हुई और कुछ ही देर में 17 साल की लड़की की हो गई मौत
'वो बेटा चाहता था, इसलिए गला घोंटा और भाग निकला'
दम तोड़ने से पहले सृष्टि ने खुलासा किया पति दशरथ ने ही उसका गला दबाया है, क्योंकि दशरथ बेटा चाहता था। वह दो बेटियों का पिता बना तो उससे खुन्नस रखने लगा। आए दिन इसी बात को लेकर झगड़ा करता। घर के पास दूसरा मकान खाली था, उसे साफ करने के बहाने वहां ले गया और पीटने के बाद गला घोंट दिया। वह मरा समझकर भाग गया। पुलिस ने सृष्टि के मौत से पहले दिए बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पति पर मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी पति फरार है जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।