मप्र की कमलनाथ सरकार ने जारी किए इस तरह के आदेश
ग्वालियर। जिला अस्पताल सहित जिले के अन्य सरकारी अस्पतालों में ओपीडी खुलने का समय बदल गया है। चंबल संभाग के श्योपुर अस्पताल की ओपीडी में अब डॉक्टर सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक बैठेगे और मरीजों का इलाज करेगे। मप्र की कमलनाथ सरकार ने इस तरह के आदेश जारी कर दिए है। मंगलवार से इस आदेश का पालन जिला अस्पताल में होना शुरू हो जाएगा।
मप्र शासन के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के उप सचिव भागीरथ सुनहरे ने एक जून को प्रदेश के सभी कलेक्टर सहित सीएमएचओ और सिविल सर्जनों के लिए जारी किए आदेश में बताया है कि सरकारी अस्पतालों में ओपीडी का समय अब सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे रहेगा और डॉक्टर ओपीडी में बैठकर मरीजों का इलाज करेगे। 3:30 बजे तक ओपीडी में इलाज के लिए पहुंचने वाले मरीजों का पर्चा बनाने का काम जारी रहेगा।
अवकाश के दिनों में इमजरेंसी ओपीडी 24 घंटे खुली रहेगी। ओपीडी का संचालन इमरजेंसी कक्ष में किया जाएगा। सभी विशेषज्ञ व चिकित्सक सुबह 9 बजे से 11 बजे तक वार्डों में राउंड करेगे। सप्ताह में यदि दो दिन लगातार अवकाश है तो द्वितीय अवकाश के दिन नियमित ओपीडी सुबह 9 बजे से 11 बजे तक खुली रहेगी।
यह भी पढ़ें : सिलेंडर में गैस रिसाव, आग से दो मंजिला मकान क्षतिग्रस्त
पौने घंटे का रहेगा लंच
सरकारी अस्पतालों में ओपीडी का समय 9 बजे से 4 बजे तक रहेगा, लेकिन इस अवधि में डॉक्टरों को पौन घंटे का समय लंच करने के लिए भी मिलेगा। दोपहर 1:30 बजे से 2:15 बजे तक का समय लंच के लिए निर्धारित किया गया है।
"ओपीडी का समय बदलने संबंधी आदेश मिल गए है। मंगलवार से जिला अस्पताल में ओपीडी का संचालन नए समयानुसार होना शुरू हो जाएगा।"
डॉ आरबी गोयल, सिविल सर्जन,श्योपुर