ग्वालियर. साइबर अपराधियों की नजर अब पेंशनर्स पर आ गई है। पेंशन के लिए लाइफ सर्टिफिकेट बनाने का झांसा देकर डिजिटल ठगों ने बुजुर्ग से 9.87 लाख रुपए ठग लिए। उन्हें झांसा दिया कि लाइफ सर्टिफिकेट के लिए परेशान होने की जरुरत नहीं है। बैंक ने बुजुर्गों की सेवा का काम उन्हें सौंपा है। बस […]
ग्वालियर. साइबर अपराधियों की नजर अब पेंशनर्स पर आ गई है। पेंशन के लिए लाइफ सर्टिफिकेट बनाने का झांसा देकर डिजिटल ठगों ने बुजुर्ग से 9.87 लाख रुपए ठग लिए। उन्हें झांसा दिया कि लाइफ सर्टिफिकेट के लिए परेशान होने की जरुरत नहीं है। बैंक ने बुजुर्गों की सेवा का काम उन्हें सौंपा है। बस जैसा कहते जाएं वैसा करें उसकी बातों पर भरोसा कर बुजुर्ग ने अपना एटीएम का पिन कोड और जरुरी जानकारी बता दीं। कुछ देर ठग ने उनका खाता साफ कर दिया। धनश्याम दत्त (7) निवासी काल्पी ब्रिज कॉलोनी से हमदर्दी दिखाकर साइबर ठगों ने उनकी जमा पूंजी लूट ली।
दत्त ने बताया उनका पैतृक घर शेखपुरा बस्ती (उत्तरप्रदेश) में है। 30 दिसंबर को वह शेखपुरा में थे। उस दौरान उन्हें पेंशन नहीं मिल रही थी। इसलिए फेसबुक पर पेंशन के लिए ऑनलाइन लाइफ सर्टिफिकेट बनाने की रील देख रहे थे। कुछ देर बाद उनके फोन पर कॉल आया। फोन करने वाले ने कहा स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने लाइफ सर्टिफिकेट बनाने का सौंपा है। इसलिए वह उनकी सेवा में आया है।
फिक्स डिपोजिट में भी सेंध : दत्त ने शिकायत में बताया ठगों ने तीन बार में बैंक खाते में जमा पैसा चुराया उसके बाद फिक्स डिपोजिट में जमा एक लाख रुपए भी उड़ा दिए।
योनो अकाउंट खुलवाया, पैसा उड़ाया
दत्त ने बताया उसे बैंक कर्मचारी समझ कर बात करते रहे। ठग ने उनके मोबाइल पर योनो अकाउंट खुलवा कर कहा अब एटीएम का पिन कोड दर्ज करें। यह सुनकर उन्हें शंका हुई उससे साफ पूछा कहीं धोखाधड़ी तो नहीं करोगे तब जालसाज ने जवाब दिया हम आपकी सेवा के लिए धोखा क्यों देंगे। भरोसा कर उन्होंने पिन कोड दर्ज कर दिया। उसके बाद खाते से पैसा निकलना शुरु हो गया।
टास्क पूरे करो पैसा कमाओ, प्राचार्य की पत्नी से ठगे 3.47 लाख रुपए
घर बैठे कमाने का जुमला सुनाकर साइबर ठगों ने आइटीआइ कॉलेज के प्राचार्य की पत्नी से 3 लाख 47 हजार 510 रुपए ठग लिए। ठगी का खेल सात दिन तक चला। जालसाज रोज महिला को मुनाफा होने की कहानी तो सुनाते रहे लेकिन रकम विड्राल नहीं करने दी। बरनाला,पंजाब निवासी अनीता सिंघल ने बताया, पति नितिन सिंघल यहां आइटीआइ संभागीय कॉलेज में प्राचार्य हैं। दंपती 404 काव्या रेजीडेंसी, सीपी कॉलोनी में रहते हैं। 7 फरवरी को उनके फोन पर मैसेज आया था उसमें लिखा था टेलीग्राम पर टास्क पूरे करने पर घर बैठे पैसा कमा सकती हैं। ऑफर ठीक लगा तो मैसेज में बताए यूपीआइ आइडी पर 1022 रुपए भेजे। उसके बाद उन्हें जैन्गो एप मुहैया कराया इसके जरिए क्रिप्टो करंसी में निवेश किया। टास्क पूरा होने पर 1426 रुपए का मुनाफा हुआ यह पैसा भी उनके एसबीआइ बैंक के खाते में आ गया। उसके बाद 3069 रुपए निवेश किए तो 9632 रुपए का मुनाफा हुआ यह रकम भी खाते में आ गई।