
ग्वालियर. ऑफर कंफर्म, पेमेंट करो और आपके खाते में पैसा आ गया यह जुमले सुनाकर साइबर ठगों ने तीन लोगों के बैंक खातों में जमा 3.65 लाख रुपया साफ कर दिया। ठगे गए लोगों ने एक ही कहानी सुनाई है कि ठगों की बातों से शक ही नहीं हुआ पता तब चला जब जमा पूंजी गायब हो गई तब पीड़ितों ने साइबर हेल्पलाइन पर ठगी की इ जीरो एफआइआर दर्ज कराईं। इस आधार पर मंगलवार को विश्वविद्यालय और झांसी रोड थाना पुलिस ने केस दर्ज किए हैं।
बिग बास्केट से बोल रहा हूं, ऑर्डर कंफर्म करना है
303 आशियाना अपार्टमेंट, नदीगेट निवासी अनिल कुमार ने बताया, 8 फरवरी की सुबह 11 बजे के करीब फोन कॉल आया था। कॉलर ने कहा बिग बास्केट से बोल रहा है आपका ऑर्डर कंफर्म करना है और पेमेंट मांगा। बात सुनकर गूगल पे से भुगतान करने का प्रयास किया, लेकिन पेमेंट नहीं हुआ। फिर फोन आया कि क्रेडिट या डेबिट कार्ड से पेमेंट कर दो तो उन्होंने मना कर दिया। उसी शाम 6 बजे उन्होंने जोमेटो पर 399 का गूगल पे से भुगतान किया। कुछ देर बाद उनके एयु स्मॉल बैंक के खाते में जमा 2.35 लाख रुपया विड्रॉल हो गया। शक है उनका फोन हैक कर मैजिक पिन से सात बार में उनका पैसा चुराया है। ठगे जाने का पता चलने पर हेल्पलाइन पर शिकायत की। मंगलवार झांसी रोड पुलिस ने इ जीरो एफआइआर के आधार पर केस दर्ज किया।
आपके खाते में पैसा चला गया
स्मृति नगर, सिटीसेंटर निवासी शिखा वाजपेयी ने शिकायत की है उनके पति अम्बरीश के मोबाइल पर अनजान नंबर से कॉल आया। फोन करने वाले ने कहा उनके खाते में गलती से 45 हजार रुपए ट्रांसफर हो गए हैं। पैसा लौटा दीजिए, उसकी बात सुनकर पति ने मैसेज चैक किया तो उसमें 20-20 हजार रुपए का ट्रांजेक्शन था। पति ने पैसा वापस करने को कहा तो ठग ने दूसरा फोन पे नंबर मांगा उस पर क्लिक करते ही उनके केनरा बैंक के खाते में जमा 45 हजार रुपया निकल गया।
ऑफर का झांसा खाता साफ
मोनिका (39) पत्नी आशीष शर्मा निवासी 21 बलवंत नगर, गांधी रोड ने बताया कि 30 अक्टूबर की शाम करीब 5 बजे अनजान नंबर से कॉल करने वाले ने कहा आपके नाम ऑफर निकला है। उसकी बात सुनकर तुरंत फोन भी काट दिया एहतियात के तौर पर पेटीएम एप को डिलीट कर दोबारा डाउनलोड भी किया। उसके बावजूद फोन हैक हो गया उसकी स्क्रीन काली हो गई। कुछ देर बाद फोन ठीक हुआ तो इ मेल पर मैसेज आया कि एचडीएफसी बैंक में उनके एकाउंट से 85 हजार रुपया निकाला गया है।
Updated on:
18 Feb 2026 05:41 pm
Published on:
18 Feb 2026 05:40 pm
