एमपी की संगीत नगरी ग्वालियर जिले के सभी विधान सभा क्षेत्रों में 1679 मतदान केंद्रों पर हुआ मतदाता सूची का वाचन, मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन में जुड़े 6206 युवा, मतदाताओं की संख्या बढ़कर 16 लाख 44 हजार हुई, 1000 पुरुष मतदाताओं पर 903 महिला मतदाता
Final Voter List Published: जिले की 6 विधानसभा की मतदाता सूची का सोमवार को अंतिम प्रकाशन किया गया। छह विधानसभा में मतदाताओं की संख्या 16 लाख 44 हजार 114 हो गई है। 18 से 19 वर्ष के बीच के 6206 नए मतदाता जोड़े गए हैं। जबकि 5129 नई महिला मतदाता बनी हैं। इससे जिले के जेंडर रेसियो में सुधार आया है। 1000 पुरुष मतदाताओं पर 903 महिला मतदाता हैं।
कलेक्टर रुचिका चौहान ने मतदाता सूची की कॉपी राजनीतिक दलों को सौंप दी। संक्षिप्त पुनरीक्षण के दौरान 13 हजार 379 नाम हटाए गए हैं। मतदान केंद्रों की संख्या 1679 हो गई है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी संजीव जैन ने सोमवार को बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को जानकारी दी कि जिले में 16 लाख 44 हजार 114 मतदाता हो गए हैं। जो प्रारूप के प्रकाशन के समय 16 लाख 35 हजार 326 थे।
इस प्रकार मतदाताओं की संख्या में कुल 8 हजार 788 की बढ़ोतरी हुई है। जिले में 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 6206 नए मतदाता जुड़े हैं। इसी तरह महिला मतदाताओं की संख्या में भी 5 हजार 129 की बढ़ोत्तरी हुई है।
80 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के मतदाताओं की संख्या 645 घट गई है। दिव्यांग मतदाताओं की संख्या में 101 की बढ़ोतरी हुई है। जेंडर रेशियो व ईपी रेशियो में भी सुधार हुआ है। एक जनवरी 2025 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले मतदाताओं को भी मतदाता सूची में जोड़ा गया है।
ये भी पढ़ें: 'सौरभ और नरोत्तम मिश्रा से कनेक्शन का खुलासा जरूरी'