MP Weather Alert: कश्मीर में हो रही बर्फबारी की वजह से पारा फिर आया 5 डिग्री सेल्सियस तक, दो दिन और चलेगी उत्तरी हवा
MP Weather Alert: जम्मू कश्मीर से आ रही बर्फीली हवा की वजह से ग्वालियर समेत एमपी के कई शहरों में ठिठुरन बढ़ गई है। सोमवार को ग्वालियर का न्यूनतम तापमान फिर से 5 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। इससे रात में शीतलहर लहर जैसा अहसास रहा। सुबह कड़ाके की सर्दी होने की वजह से सुबह लोगों ने वॉक के लिए निकलना भी कम कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार तापमान में एक से डेढ़ डिग्री सेल्सियस गिरावट के आसार हैं। सर्दी शीतलहर की तरफ बढ़ रही है। दो दिन उत्तरी हवा जारी रहेगी। इससे तापमान 4 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ सकता है।
पश्चिमी विक्षोभ की वजह से कश्मीर में भारी बर्फबारी हो चुकी है। इसके गुजर जाने के बाद हवा का रुख उत्तर दिशा से हो गया है। जेट स्ट्रीम हवा भी चल रही है। इस कारण कश्मीर की बर्फीली हवा की गति बढ़ गई है। सूर्य अस्त के बाद से सर्दी सितम ढाने लगी है। रात 11 बजे के बाद तापमान 9 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा है। सुबह साढ़े आठ बजे तक तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हो रहा है। सूर्योदय के दो घंटे तक शहर को कड़ाके की सर्दी का सामना करना पड़ रहा है। अधिकतम तापमान सामान्य से 1.9 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस कम रहा। तापमान सामान्य से नीचे रहने के कारण कारण सर्दी की चुभन भी अधिक रही है।
2023 में दिन में ज्यादा सर्दी रही थी। दिसंबर के तीसरे सप्ताह से कोहरे ने शहर को घेर लिया था। पूरे दिन कोहरा छाने से कोल्ड डे व सीवियर कोल्ड रहा था। पिछले साल शीतलहर नहीं चली थी। इस कारण रात में ज्यादा सर्दी नहीं थी। इस बार सर्दी का ट्रेंड बदला है। दिन की बजाए रात में अधिक सर्दी हो रही है। तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है।
-बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र विकसित हो रहा है। इसका असर तमिलनाडु व आंध्र प्रदेश में रहेगा। इसके मजबूत होने के बाद हल्की नमी आएगी, जिससे रात के तापमान में बढ़ोतरी होगी। नमी आने से कोहरा भी छा सकता है।
-कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ भी आ रहा है जिससे उत्तरी हवा शांत होगी।
समय तापमान
05:30 06.0
08:30 06.4
11:30 18.4
14:30 23.0
17:30 18.6
मध्यप्रदेश में इस बार ठंड का असर दिसंबर में ज्यादा महसूस किया जा रहा है, जो जनवरी से भी ज्यादा ठंडा है। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 8 दिनों से शीतलहर चल रही है और मंगलवार को भी इसके असर से राहत मिलने की संभावना नहीं है। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर जैसे बड़े शहरों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
मौसम विभाग ने 20 जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। जबकि कुछ जिलों में पेड़-पौधों पर बर्फ जमने की संभावना है। इनमें से 6 जिलों शाजापुर, आगर-मालवा, सीहोर, रायसेन, मंडला और छतरपुर में पेड़-पौधों की पत्तियों पर भी बर्फ जम सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि मंगलवार के बाद शीतलहर से कुछ हद तक राहत मिल सकती है।कुछ दिनों के लिए राहत मिल सकती है।