23 अगस्त 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

GWALIOR NEWS : एम्बुलेंस से लेकर बस तक, यात्रियों की जान से खिलवाड़ पर परिवहन-यातायात पुलिस सख्त

ग्वालियर में परिवहन विभाग और यातायात पुलिस ने यात्रियों व मरीजों की सुरक्षा को लेकर विशेष जांच अभियान चलाया। अस्पताल परिसरों में 45 एम्बुलेंस की जांच में फिटनेस, बीमा और पीयूसी संबंधी खामियां मिलने पर 15 पर कार्रवाई कर 57 हजार रुपए जुर्माना वसूला गया। वहीं डीडी नगर में 36 सीटर बस में 60 सवारी मिलने पर बस जब्त कर 17 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया। अभियान में 20 अन्य सवारी वाहनों पर कार्रवाई करते हुए कुल 41 हजार रुपए समन शुल्क वसूला गया।
2 min read
Google source verification
gwalior photo

अस्पताल परिसर में एम्बुलेंसों की जांच करते परिवहन विभाग के अधिकारी.

45 एम्बुलेंस की जांच में 15 पर कार्रवाई, 57 हजार जुर्माना; 36 सीटर बस में 60 सवारी मिलने पर जब्त कर 17 हजार का चालान

ग्वालियर। मरीजों और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग और यातायात पुलिस ने शनिवार को अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की। परिवहन विभाग की टीम ने शहर के प्रमुख अस्पतालों में एम्बुलेंसों की जांच की, वहीं यातायात पुलिस ने डीडी नगर पॉइंट पर सवारी वाहनों की चेकिंग की। दोनों कार्रवाइयों में फिटनेस, बीमा, पीयूसी और क्षमता से अधिक सवारी जैसे नियमों का उल्लंघन सामने आया।

45 एम्बुलेंस जांचीं, 15 पर कार्रवाई

परिवहन विभाग की विशेष टीम ने 1000 बिस्तर अस्पताल, कैंसर अस्पताल और जयारोग्य अस्पताल परिसर में औचक निरीक्षण किया। टीम ने अस्पतालों में मौजूद 45 एम्बुलेंसों के दस्तावेज और जरूरी मानकों की जांच की। इस दौरान कई वाहनों के फिटनेस, बीमा और प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण-पत्र (पीयूसी) से संबंधित दस्तावेजों में खामियां मिलीं।

दस्तावेजों में अनियमितता पाए जाने पर 15 एम्बुलेंसों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 57 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया। परिवहन विभाग ने एम्बुलेंस संचालकों को सभी जरूरी दस्तावेज अपडेट रखने और सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मरीजों को अस्पताल पहुंचाने वाले वाहनों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एम्बुलेंस में फिटनेस और जरूरी दस्तावेजों के साथ सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता भी सुनिश्चित करना होगी।

36 सीटर बस में 60 सवारी, पुलिस ने जब्त की

उधर, यातायात पुलिस ने डीडी नगर पॉइंट पर सवारी वाहनों की चेकिंग के दौरान बड़ी लापरवाही पकड़ी। ग्वालियर से भिंड जा रही अप्सरा ट्रैवल्स की 36 सीटर बस में 60 यात्री सवार मिले। बस में क्षमता से करीब दोगुनी सवारियां होने के कारण यात्रियों के बैठने तक की पर्याप्त जगह नहीं थी।

बस को तत्काल जब्त कर थाने में खड़ा कराया गया और 17 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा नियमों का उल्लंघन करने वाले 20 अन्य सवारी वाहनों पर भी कार्रवाई की गई। अभियान में कुल 21 वाहनों से 41 हजार रुपए समन शुल्क वसूला गया।

बस में पैर रखने तक की जगह नहीं

एएसपी यातायात सुजावल जग्गा के निर्देश पर यातायात निरीक्षक अभिषेक रघुवंशी और गोला का मंदिर थाना प्रभारी की टीम ने डीडी नगर पर विशेष चेकिंग पॉइंट लगाया था। इसी दौरान भिंड जा रही बस को रोककर जांच की गई। बस के अंदर यात्रियों की संख्या इतनी अधिक थी कि पैर रखने तक की पर्याप्त जगह नहीं थी।

पुलिस ने ओवरलोडिंग को गंभीरता से लेते हुए बस जब्त कर चालानी कार्रवाई की। अन्य सवारी वाहनों की भी जांच की गई और क्षमता से अधिक यात्रियों के साथ-साथ दस्तावेज व यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की गई।

बॉडीबॉर्न कैमरों से रिकॉर्ड हुई कार्रवाई

यातायात पुलिस की टीम ने चेकिंग अभियान के दौरान बॉडीबॉर्न कैमरों से कार्रवाई की रिकॉर्डिंग भी की। अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वाले वाहन चालकों और संचालकों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन मिलने पर वाहन जब्त करने और जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी।