ग्वालियर

आज धाकड़ अन्दाज में एंट्री करेंगे देश के टॉप बिजनेस ग्रुप्स, 4588 लोगों को मिलेगा रोजगार

Regional Industry Conclave 2024: सीएम उद्योगपतियों से वन-टू-वन बैठक करेंगे। कॉन्क्लेव में ग्वालियर पीसीबी क्लस्टर, स्टार्टअप सेक्टरों में अवसर और फुटवियर सेक्टर के अवसरों पर राउण्ड टेबल चर्चा होगी।

2 min read
Regional Industry Conclave 2024

Regional Industry Conclave 2024: प्रदेश के औद्योगिक विकास के लिए सरकार की तीसरी रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव (आरआइसी) बुधवार को ग्वालियर में शुरू होगी। आयोजन राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय के दत्तोपंत ठेंगड़ी सभागार में होगा। कॉन्क्लेव का उद्घाटन सुबह 10:20 बजे मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव करेंगे।

सीएम ग्वालियर-चंबल अंचल की 10 औद्योगिक इकाइयों सहित प्रदेश की 22 इकाइयों का वर्चुअल भूमिपूजन और लोकार्पण करेंगे। इनमें 1400 करोड़ का निवेश प्रस्तावित है। इसके साथ 73 इकाइयों को 98 एकड़ जमीन आवंटन के पत्र सौंपे जाएंगे।

इस दौरान इन्वेस्ट एमपी पोर्टल भी लॉन्च करेंगे। सीएम उद्योगपतियों से वन-टू-वन बैठक करेंगे। कॉन्क्लेव में ग्वालियर पीसीबी क्लस्टर, स्टार्टअप सेक्टरों में अवसर और फुटवियर सेक्टर के अवसरों पर राउण्ड टेबल चर्चा होगी। सेक्टोरल सेशन में एमएसएमई और निर्यात में अवसर, एक जिला एक उत्पाद सेक्टर पर फोकस सत्र होंगे।

पर्यटन में निवेश पर होगा विशेष सत्र

कॉन्क्लेव में ग्वालियर-चंबल के पर्यटन स्थलों के विकास में निवेश की संभावना पर चर्चा होगी। पर्यटन विकास की योजना में निवेश के लिए कार्य योजना बनेंगी। ग्वालियर-चंबल प्राकृतिक, ऐतिहासिक, सांस्कृतिक पर्यटन से समृद्ध है।

करन अडानी सहित दूसरे उद्यमी शामिल

कॉन्क्लेव में अडानी पोर्ट्स एवं एसईजेड लिमिटेड के प्रबंध संचालक करन अडानी सहित रिलायंस इण्डस्ट्रीज, एजीआई ग्रीन पैक, एक्सेंचर इण्डस्ट्रीज, प्राइम गोल्ड, ओएफवी टेक, बीआर ग्रुप, मार्बल विनायल्स व मॉर्डन टेक्नो भी आ रहे हैं।

अभी तक मिले इतने निवेश के प्रस्ताव

-उज्जैन रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव में 1 लाख करोड़

-जबलपुर रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव में 22 हजार करोड़

-मुंबई में इंटरेक्टिव सेशन में 75 हजार करोड़

-कोयम्बत्तूर इंटरेक्टिव सेशन में 3500 करोड़

-बेंगलूरु इंटरेक्टिव सेशन में 3175 करोड़

-छह देशों के ट्रेड कमिश्नर आएंगे

वन-टू-वन मीट से खुलेंगे निवेश के द्वार

कॉन्क्लेव में वन-टू-वन मीट अहम पहलू होगा। इसमें बड़े उद्योगपति एवं निवेशक ग्वालियर-चंबल अंचल में निवेश की संभावनाओं को तलाशेंगे। ग्वालियर-चंबल में पूर्व से स्थापित औद्योगिक इकाइयों मसलन जमना ऑटो इण्डस्ट्रीज, गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट, सुप्रीम एण्ड मांडलेज, संघवी फूड व मोंटेज इंटरप्राइजेज अपनी इकाइयों का विस्तार कर 2260 करोड़ का निवेश करेगा। इससे 4588 लोगों को रोजगार मिलेगा। कॉन्क्लेव में 2500 प्रतिभागी शामिल होंगे। 250 से अधिक बायर-सेलर मीटिंग भी होंगी।

इन सेक्टरों पर रहेगा फोकस

-फूड प्रोसेसिंग

-सूचना प्रौद्योगिकी

-हस्तशिल्प कुटीर उद्योग

-प्लास्टिक एंड पैकेजिंग

-कंज्यूमर प्रोडक्ट

-सर्विस सेक्टर

-डिस्टलरीज

Published on:
28 Aug 2024 08:36 am
Also Read
View All

अगली खबर