
ग्वालियर। रेलवे प्रबंधन द्वारा इन दिनों ट्रेनों में बने पैंट्रीकारों में भोजन की गुणवत्ता जांचने के लिए चैकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत गुरुवार को भी कार्रवाई की गई तो कई जगह अनियमितताएं पाई गईं। जिसको लेकर गुणवत्ताहीन सामग्री को जब्त किए जाने की कार्रवाई की गई।
अभियान के तहत रेलवे स्टेशन डायरेक्टर अनिल शर्मा और सीटीआई एपी नायक सहित टीटी द्वारा गुरुवार को मंगला एक्सप्रेस, हीराकुंड एक्सप्रेस और समता एक्सप्रेस में चैकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान ट्रेनों के पेंट्रीकार में आलू खुले में रखे थे जो सड़े हुए थे और इन्हीं आलूओं से सब्जी बनाने की तैयारी की जा रही थी। इसके अलावा पानी की बोतलों की जांच की गई तो पता चला कि अन्य कंपनियों के पानी की बोतलें बेची जा रहीं है। सड़े आलू और अन्य कंपनियों की पानी की बोतलें जब्त की गई है।
यहां बाजार में भी हुई छापेमारी
ग्वालियर. खाद्य एवं औषधि विभाग की टीम ने गुरुवार को मिठाई की दुकानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान खराब जलेबी को फिंकवाया गया। इसके अलावा कारोबारियों को बिक्री के अनुरूप नए लाइसेंस बनवाने की हिदायत दी गई।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी आनंद शर्मा, लखनलाल कोरी व अन्य ने स्टेशन रोड व थाटीपुर क्षेत्र की मिठाई दुकानों से पांच सैंपल भी लिए। जैन मिष्ठान भंडार स्टेशन रोड पर पुरानी जलेबी रखी मिली, जिस पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने दुकानदार को फटकार लगाई और जलेबी को फिंकवाया।
जानकारी के मुताबिक डबल हाथरस थाटीपुर से बेसन के लड्डू और मलाई बर्फी, जैन मिष्ठान भंडार से क्रीम बर्फी और राजू मिष्ठान मलाई लड्डू का सैंपल लिया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी आनंद शर्मा ने बताया कि कलेक्टर के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। मिठाई की दुकानों से लिए गए सभी पांच सैंपल जांच के लिए भोपाल लैब भेजे जाएंगे। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान साफ-सफाई का विशेष ध्यान देने की हिदायत दुकानदारों को दी गई।