मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की। अब जांच में खुलासा हुआ है कि जान से ज्यादा अजीज दोस्त को पत्नी की बाहों में देखने के बाद पति को इतनी शर्मिंदगी महसूस हुई कि उसने फांसी लगा ली थी।
ग्वालियर। दोस्त की धोखेबाजी से रुसवा हुए पति के फांसी लगाकर खुदकुशी करने का मामला सामने आया है। पुलिस जांच में यह खुलासा हुआ है। दरअसल शहर में एक युवक ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की। अब जांच में खुलासा हुआ है कि जान से ज्यादा अजीज दोस्त को पत्नी की बाहों में देखने के बाद पति को इतनी शर्मिंदगी महसूस हुई कि उसने फांसी लगा ली थी। घटना जुलाई 2022 की है। महाराजपुरा के चकरायपुरा गांव में हुए इस मामले में पति की मौत के करीब डेढ़ महीने बाद पत्नी ने पड़ोसी पर दुष्कर्म का आरोप लगाकर अपने बयान दिए थे। इसके बाद यह खुलासा हो सका है। लेकिन इस सबके बीच एक निर्दोष की जान चली गई। पुलिस ने अब मृतक के दोस्त को युवक की मौत का दोषी मानते हुए मामला दर्ज कर लिया है।
पढ़ें पूरा मामला
शहर के महाराजपुरा स्थित चकरायपुरा निवासी 25 वर्षीय नंदिनी (परिवर्तित नाम) के पति ने 3-4 जुलाई 2022 की दरमियानी रात फांसी लगाकर जान दे दी थी। घटना के समय महिला घर पर नहीं थी। वह रात को ही पति से नाराज होकर अपने दो बेटों को लेकर मायके चली गई थी। अगले दिन 4 जुलाई को सुबह लौटकर आई तो उसे पता चला कि पति ने खुदकुशी कर ली। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू की। इस घटना के करीब एक से डेढ़ महीने बाद मृतक की पत्नी ने इस मामले को दुष्कर्म के मामले से जोड़ते हुए पति के दोस्त मुकीम खान पुत्र घसीट खान पर दुष्कर्म का आरोप लगाया था। पुलिस ने दुष्कर्म का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जेल भी भेज दिया था।
पत्नी के साथ देख हुआ था शर्मिंदा
मामले की जांच करने में कई लोगों के बयान और जांच के बाद यह खुलासा हुआ कि तीन जुलाई को युवक बाथरूम के लिए गया था। तभी छत के रास्ते युवक का दोस्त मुकीम उसके घर में घुस आया था। उसने धमकाकर युवक की पत्नी से दुष्कर्म कर दिया। इसी समय महिला का पति आ गया। उसने दोस्त के साथ पत्नी को बिस्तर पर देखा तो वह टूट गया। दोस्त से झगड़ा हुआ। इसके बाद पत्नी नाराज होकर अपने मायके चली गई। रात भर युवक परेशान रहा और देर रात उसने बदनामी के चलते अपनी जान देने का फैसला लिया और फांसी लगा ली। अगले दिन सुबह जब उसकी पत्नी घर वापस आई तो, पता चला कि उसके पति ने आत्महत्या कर ली है। घटना से आहत नंदिनी को उसके पिता अपने साथ ले गए थे। एक माह बाद जब उसकी हालत में सुधार हुआ तो वह थाने पहुंची और मामले की शिकायत की।