26 अगस्त 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Gwalior News ताइक्वांडो में ग्वालियर का दमदार प्रदर्शन, विनय नगर बना ओवरऑल चैंपियन

Inter-Club Taekwondo Competition-2026:जिला ताइक्वांडो संघ ग्वालियर की शाखा स्कूल ऑफ ताइक्वांडो अकादमी की ओर से आयोजित इंटर क्लब ताइक्वांडो प्रतियोगिता में विनय नगर शाखा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया।
2 min read
Google source verification
taekwondo championship

इंटर क्लब ताइक्वांडो प्रतियोगिता में विनय नगर शाखा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया (पत्रिका सोर्स)

inter club taekwondo competition 2026 ग्वालियर. जिला ताइक्वांडो संघ ग्वालियर की शाखा स्कूल ऑफ ताइक्वांडो अकादमी की ओर से आयोजित इंटर क्लब ताइक्वांडो प्रतियोगिता में विनय नगर शाखा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियनशिप अपने नाम की। प्रतियोगिता में अकादमी की विभिन्न शाखाओं के 157 खिलाड़ियों ने अलग-अलग वजन वर्गों में मुकाबलों में हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के बीच पदक जीतने के लिए रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।

33 स्वर्ण और 35 रजत पदकों के साथ विनय नगर अव्वल

विनय नगर शाखा के खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 33 स्वर्ण और 35 रजत पदक हासिल किए। इस प्रदर्शन के आधार पर शाखा ने ओवरऑल चैंपियनशिप की ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। स्कूल ऑफ ताइक्वांडो की जयेंद्रगंज शाखा ने 12 स्वर्ण और 9 रजत पदकों के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं आनंद नगर शाखा के खिलाड़ियों ने 10 स्वर्ण और 11 रजत पदक जीतकर तीसरा स्थान हासिल किया।प्रतियोगिता के समापन अवसर पर जिला शिक्षा विभाग के जिला खेल अधिकारी आरके सिंह ने विजेता खिलाड़ियों को पदक और ट्रॉफियां प्रदान कर सम्मानित किया। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षकों को भी स्मृति चिह्न प्रदान किए गए। आरके सिंह ने कहा कि क्लब स्तर पर होने वाली प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। इससे उन्हें प्रतियोगितात्मक माहौल में अपनी क्षमता परखने का अवसर मिलता है। इस तरह के मुकाबलों से खिलाड़ियों में आत्मविश्वास बढ़ता है और वे आगे राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर तरीके से तैयार हो पाते हैं।

राज्य चैंपियनशिप में भी ग्वालियर के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन

इंटर क्लब प्रतियोगिता के साथ ही ग्वालियर के खिलाड़ियों ने राज्य स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विदिशा में 8 और 9 अगस्त को आयोजित तीसरी मध्यप्रदेश स्टेट ताइक्वांडो चैंपियनशिप 2026-27 में ग्वालियर के खिलाड़ियों ने पांच पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया। सब-जूनियर बालक वर्ग के 50 किलोग्राम भार वर्ग में अर्पित कुशवाह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। इसी वर्ग की बालिका श्रेणी में 40 किलोग्राम भार वर्ग में राधिका राठौर ने रजत पदक जीता। कैडेट बालक वर्ग के 37 किलोग्राम भार वर्ग में प्रिंस चौरसिया ने कांस्य पदक हासिल किया। जूनियर बालक वर्ग के 51 किलोग्राम भार वर्ग में शिवकृष राय ने रजत पदक अपने नाम किया। वहीं सीनियर बालक वर्ग के 87 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में जतिन जादौन ने कांस्य पदक जीतकर ग्वालियर के पदकों की संख्या पांच तक पहुंचाई।

स्थानीय प्रतियोगिताओं से तैयार हो रहे खिलाड़ी

नेशनल कोच सुनील नार्वे ने ग्वालियर के खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि स्थानीय स्तर पर आयोजित होने वाली प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को मुकाबले का वास्तविक अनुभव प्रदान करती हैं। अलग-अलग क्लब और शाखाओं के खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धा करने से उनकी कमियां सामने आती हैं और उन्हें सुधारने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि इसी तरह के अनुभव आगे राज्य और राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों के बेहतर प्रदर्शन की नींव तैयार करते हैं। नियमित प्रतियोगिताओं के माध्यम से खिलाड़ियों में तकनीक, अनुशासन, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धात्मक भावना विकसित होती है। ग्वालियर के खिलाड़ियों का राज्य चैंपियनशिप में प्रदर्शन इस बात का संकेत है कि जिले में ताइक्वांडो प्रतिभाओं को लगातार आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं।