
बजट के फेर में इनडोर स्टेडियम
हनुमानगढ़. करीब एक वर्ष पहले सांसद निहालचंद ने जंक्शन में राजीव गांधी स्टेडियम में इनडोर स्टेडियम बनाने की घोषणा की थी। खेलो इंडिया के तहत मल्टीपर्पज इनडोर स्टेडियम बनाने को लेकर उच्च स्तरीय टीम निरीक्षण भी कर चुकी है। लेकिन अब बजट के फेर में सारा मामला उलझा हुआ है। जिला खेल अधिकारी उम्मेद सिंह ने बताया कि पहले आठ करोड़ की डीपीआर बनाकर भिजवाई गई थी। लेकिन अब चार करोड़ की रिवाइज डीपीआर बनाकर हमने भिजवाया है। जिस तरह के निर्देश मिल रहे हैं, उसी के अनुरूप डीपीआर तैयार कर आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। गौतरलब है कि वर्तमान में जिला स्टेडियम में खेल संकुल का निर्माण करके हॉकी, बास्केटबॉल, हैंडबॉल, फुटबॉल मैदान तैयार किए गए हैं। यहां पर इनडोर स्टेडियम बनने के बाद खिलाडिय़ों को काफी सुविधाएं मिल सकेगी। इस बारे में सांसद निहालचंद ने पत्रिका से बातचीत में बताया कि रिवाइज डीपीआर बनाकर जल्दी निर्माण शुरू करवाने का प्रयास है। जिससे खिलाडिय़ों को इनडोर स्टेडियम की सुविधा मिल सके। उन्होंने बताया कि स्टेडियम में पहले काफी काम हो चुके हैं। इसलिए रिवाइज डीपीआर बनाने से कॉस्ट कम हो गई है।