हनुमानगढ़

फटकार के बाद नदी क्षेत्र की बदली तस्वीर, 15 टीमें रात-दिन जुटी काम में

हनुमानगढ़. घग्घर नदी में पानी का प्रवाह लगतार तेज हो रहा है। पांच सितम्बर 2025 को गुल्लाचिक्का हैड पर पानी की मात्रा बढकऱ 50134 क्यूसेक हो गई।

2 min read
फटकार के बाद नदी क्षेत्र की बदली तस्वीर, 15 टीमें रात-दिन जुटी काम में

-घग्घर नदी क्षेत्र के पटड़ों को मजबूत करने में जुटे, ताकि पानी के प्रेशर को झेल सके तटबंध
-गुल्लाचिक्का हैड पर बढ़ रहे पानी से बढ़ रही बेचैनी, पानी की मात्रा बढकऱ 50134 क्यूसेक हुई
हनुमानगढ़. घग्घर नदी में पानी का प्रवाह लगतार तेज हो रहा है। पांच सितम्बर 2025 को गुल्लाचिक्का हैड पर पानी की मात्रा बढकऱ 50134 क्यूसेक हो गई। खनौरी हैड पर 13875, चांदपुर हैड पर 14800, ओटू हैड पर 21500, घग्घर साइफन में 18002 तथा नाली बेड में 5747 क्यूसेक पानी चल रहा था। नदी में पानी की भारी आवक को देखते हुए जीडीसी व नाली बेड के तटबंधों को मजबूत करने का काम तेज कर दिया गया है। मुख्य अभियंता की फटकार के बाद शुक्रवार को पूरा नहरी महकमा पटड़ों की मजबूती में जुटा रहा।
अधीक्षण अभियंता संजीव वर्मा ने बताया कि जीडीसी के पटड़ों को दुरुस्त करने के लिए पंद्रह टीमें लगातार काम कर रही है। नदी क्षेत्र में तेज बारिश के बाद पड़े कटाव को एक्सक्वेटर व लोंगबूम मशीनों को लगाकर बंद किया जा रहा है। मिट्टी के थैले भरवाकर तटबंधों के आसपास रखवाए जा रहे हैं। संभावित बाढ़ के खतरे को टालने में पूरा सरकारी तंत्र जुटा हुआ है। वहीं नदी क्षेत्र के आसपास भूमि का जल स्तर काफी ऊपर उठ रहा है।
इससे आसपास के किसानों में बेचैनी बढ़ रही है। गौरतलब है कि गुरुवार को मुख्य अभियंता प्रदीप रुस्तगी ने नदी क्षेत्र का दौरा किया था। इस दौरान नदी क्षेत्र के कमजोर पटड़ों को देखकर उन्होंने नाराजगी जाहिर की थी। नदी तटों पर तैनात किए अधिकारियों को दो दिन के भीतर स्थिति में सुधार करने का निर्देश दिया था। इसके तहत शुक्रवार को नदी तटों की तस्वीर बिल्कुल बदली हुई नजर आ रही थी।
विभाग की ओर से गठित टीमें तटों की मजबूती में जुटी रही। नदी क्षेत्र की कमजोर स्थिति को लेकर राजस्थान पत्रिका लगातार समाचारों के माध्यम से सरकारी तंत्र को जगाने का प्रयास कर रही है। पांच सितम्बर 2025 के अंक में पत्रिका ने ‘ घग्घर नदी में बढ़ रहे पानी से फूले हाथ-पांव कमजोर पटड़े बढ़ा सकते हैं मुसीबत’ शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया था। अब नहरी महकमे के अफसर नदी क्षेत्र में सुरक्षा संंबंधी कार्य को युद्ध स्तर पर शुरू करवा कर पूरा करवाने का प्रयास कर रहे हैं। ताकि संभावित बाढ़ के खतरे को टाला जा सके।

इतना बढ़ा पानी
चार सितम्बर 2025 को घग्घर नदी के गुल्लाचिक्का हैड पर 48534, खनौरी हैड पर 13200, चांदपुर हैड पर 14700, ओटू हैड 21000, घग्घर साइफन में 16602, नाली बेड में 5244 क्यूसेक पानी चल रहा था। वहीं पांच सितम्बर को गुल्लाचिक्का हैड पर पानी की मात्रा बढकऱ 50134 क्यूसेक हो गई। करीब दो हजार क्यूसेक पानी बढऩे से नदी क्षेत्र में पानी का प्रवाह तेज होता जा रहा है।

मंत्री गोदारा करेंंगे नदी क्षेत्रों का दौरा
हनुमानगढ़. राज्य के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा शनिवार को जिले के दौरे पर रहेंगे। वे यहां घग्घर नदी क्षेत्र का निरीक्षण करने के साथ ही बचाव एवं राहत कार्यों की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। मंत्री गोदारा बीकानेर से प्रात: 8 बजे प्रस्थान कर दोपहर 12 बजे हनुमानगढ़ पहुंचेंगे। यहां 12 से 12.30 बजे तक वे टाउन-जंक्शन रोड स्थित घग्घर नदी का जायजा लेंगे। इसके बाद 1.30 बजे तक कलक्ट्रेट सभागार में जिले के बचाव एवं राहत कार्यों से संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। दोपहर 2.20 बजे मंत्री गोदारा पत्रकार वार्ता को संबोधित करेंगे।

Published on:
05 Sept 2025 09:08 pm
Also Read
View All