हनुमानगढ़. केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल रविवार को हनुमानगढ़ दौरे पर रहे। वह करीब ग्यारह बजे यहां पहुंचे। इसके बाद विभिन्न आयोजनों में शामिल हुए। इस दौरान मीडिया से बातचीत में केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने कहा कि बिहार में भाजपा गठबंधन की सरकार बनेगी।
हनुमानगढ़. केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल रविवार को हनुमानगढ़ दौरे पर रहे। वह करीब ग्यारह बजे यहां पहुंचे। इसके बाद विभिन्न आयोजनों में शामिल हुए। इस दौरान मीडिया से बातचीत में केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने कहा कि बिहार में भाजपा गठबंधन की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि बिहार में लालू के जंगलराज को लोग देख चुके हैं। वहां सुशासन के नाम पर हमने चुनाव लड़ा है। जनता का खूब समर्थन मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि इस बार बिहार में महिलाओं का रुझान भी भाजपा के प्रति काफी अच्छा रहा है। महिला वोटर का टर्न ओवर बढऩे से भाजपा को लाभ मिलेगा। इससे बिहार में भाजपा गठबंधन सरकार और मजबूती से उभरेगी। मंत्री ने कहा कि एमएसपी पर फसलों की खरीद को लेकर सरकार खूब काम कर रही है।
पहले से अधिक खरीद हो रही है। जिन फसलों की खरीद स्थानीय स्तर पर नहीं हो पा रही है, उसका फीडबैक लेकर तत्काल किसानों को राहत दिलाने का प्रयास करेंगे। गंगकैनाल नहर परियोजना के बारे में मंत्री मेघवाल ने कहा कि यदि यह परियोजना नहीं होती तो राजस्थान का यह खुशहाल क्षेत्र डेजर्ट ही रहता। इस परियोजना के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में केंद्र सरकार कई आयोजन करेगी। इसमें चार बड़े कार्यक्रम बीकानेर संभाग में करवाए जाएंगे। पांच दिसम्बर से कार्यक्रमों की श्रृंखला शुरू होगी।
इसे लेकर तीनों जिलों में अलग-अलग बैठक करके सिंचाई, कृषि व व्यापारिक क्षेत्र में योगदान देने वाले 100 लोगों को चिन्ह्ति करके उन्हें सम्मानित करने का कार्यक्रम भी रहेगा। हनुमानगढ़-श्रीगंगानगर में कृषि व सिंचाई, चूरू में इकॉलॉजी डवलपमेंट व बीकानेर में औद्योगिक विकास में योगदान वाले लोगों पर फोकस रहेगा। पूर्व पार्षद गौरव जैन, भाजपा नेता कैलाश मेघवाल आदि प्रेसवार्ता में मौजूद रहे।
इस दौरान जंक्शन के सैक्टर नौ में पूर्व पार्षद गौरव जैन की अगुवाई में केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल का विभिन्न संगठनों की ओर से स्वागत किया गया। भाजपा नेता हनीश ग्रोवर, गौरव जैन, संजय शर्मा, व्यापारी नेता प्यारेलाल बंसल, निवर्तमान पार्षद तरुण विजय, अर्चित अग्रवाल, अग्रवाल समाज के सुभाष बंसल, डॉ. संतोष राजपुरोहित, करणवीर चौधरी, एडवोकेट जोधा सिंह, पुष्पेंद्र सिंह, नितिन जैन, दीपक तलवाडिय़ा, संजू छाबड़ा, राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग भारत सरकार के सदस्य विजेंद्र पाल सिंह, इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के जयपाल जैन, डॉ. पुनीत जैन, हरीश दफ्तरी, आदि मौजूद रहे। इससे पहले केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल निर्धारित यात्रा कार्यक्रम के तहत हनुमानगढ़ में डबलीराठान के नजदीक स्थित एसकेडी विश्वविद्यालय में आयोजित गुरुमत समागम में पहुंचे। यहां गुरु ग्रंथ साहिब के आगे मत्था टेका। सिख इतिहास को लेकर लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
केंद्रीय मंत्री मेघवाल ने कार्यक्रम में गुरुवाणी के बोल भी पढ़े। उन्होंने कहा कि गुरुनानक देव मानवता का संदेश लेकर धरती पर आए थे। अच्छा पद मिलने पर घमंड की बजाय व्यक्ति को विनम्र होना चाहिए। गुरुगोविंद सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रमुख बाबुलाल जुनेजा, दिनेदश जुनेजा, देवेंद्र अग्रवाल, पूर्व मंत्री डॉ. रामप्रताप, सुरेंद्र पाल सिंह टीटी, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष बलवीर बिश्नोई, देवेंद्र पारीक, श्रीगंगानगर-हनुमानगढ़ लोकसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी प्रियंका बैलान, गुलाब सींवर, नगर परिषद के निवर्तमान सभापति सुमित रिणवा, निवर्तमान पार्षद तरुण विजय आदि मौजूद रहे।