हनुमानगढ़

फैसले से पहले पार्षदों की बाड़ाबंदी, हनुमानगढ़ की पांचों नपा में बोर्ड बनाने को लगा रहे जोर

https://www.patrika.com/hanumangarh-news/ हनुमानगढ़. जिले की पांचों नगरपालिका के चुनाव परिणाम रविवार को आएंगे। सुबह नौ बजे मतगणना शुरू हो जाएगी। इसके लिए जिला प्रशासन तथा पुलिस प्रशासन के निर्देशन में शनिवार को दिन-भर स्थानीय उपखंड प्रशासन तैयारियों में जुटा रहा।

2 min read
फैसले से पहले पार्षदों की बाड़ाबंदी, हनुमानगढ़ की पांचों नपा में बोर्ड बनाने को लगा रहे जोर

फैसले से पहले पार्षदों की बाड़ाबंदी, हनुमानगढ़ की पांचों नपा में बोर्ड बनाने को लगा रहे जोर
- नोहर, संगरिया, भादरा, पीलीबंगा एवं रावतसर नगर पालिका चुनाव की मतगणना कल
- लगा रहे जीत के कयास, बाड़ाबंदी तेज
हनुमानगढ़. जिले की पांचों नगरपालिका के चुनाव परिणाम रविवार को आएंगे। सुबह नौ बजे मतगणना शुरू हो जाएगी। इसके लिए जिला प्रशासन तथा पुलिस प्रशासन के निर्देशन में शनिवार को दिन-भर स्थानीय उपखंड प्रशासन तैयारियों में जुटा रहा। कांग्रेस, भाजपा एवं माकपा अपनी जीत के दावे कर रहे हैं। कांग्रेस एवं भाजपा तो पांचों जगहों पर ही पार्टी का तथा पार्टी समर्थित बोर्ड बनाने की कोशिशों में जुट गए हैं। इसके चलते चुनाव परिणाम से पहले ही जीतने की संभावना वाले पार्षदों की बाड़ाबंदी शुरू कर दी गई है। अधिकाधिक निर्दलियों प्रत्याशियों को अपने खेमे में लाने के प्रयास चल रहे हैं। वहीं ऐसे निर्दलीय पार्षद भी हैं जो नगर पालिका अध्यक्ष की ख्वाहिश लिए बैठे हैं। इसके लिए समर्थन देने पर बाकायदा पार्षदों को अच्छी-खासी रकम की पेशकश की जा रही है।
नोहर नगरपालिका चुनाव मतदान के बाद अब आमजन की नजर रविवार को यहां रेलवे स्टेशन मार्ग स्थित राउमावि में होने वाली मतगणना पर टिकी हुई है। प्रशासन की ओर से शुक्रवार को मतगणना की तैयारियां शुरू कर दी गई। इसके लिए मतगणना दलों का एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर भी लग चुका है। इसमें नगरपालिका चुनाव के सभी 40 वार्ड के 63 मतदान केन्द्रों की ईवीएम से परिणाम प्राप्त करने की प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी गई। एसडीएम श्वेता कोचर ने बताया कि रविवार सुबह 9 बजे से नगरपालिका चुनाव के सभी चालीस वार्ड की मतगणना राउमावि परिसर में होगी। मतगणना के दौरान प्रत्याशी व उनके तय मतगणना एजेंट को अधिकृत परिचय पत्र पर प्रवेश दिया जाएगा। इस दौरान मतगणना से जुड़े उच्चाधिकारियों के अतिरिक्त किसी को मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी। यहां होने वाली चालीस वार्ड की मतगणना के लिए पांच टेबल लगाई जाएंगी। इनमें 63 ईवीएम से 13 राउंड में परिणाम घोषित किए जाएंगे। ईवीएम से मतगणना से पहले पोस्टल बैलेट की गिनती होगी। इसके बाद वार्ड संख्या के अनुसार सभी 63 ईवीएम से परिणाम प्राप्त किए जाएंगे।
बाड़ाबंदी का प्रयास तेज
नगर पालिका चुनाव में मतदान के बाद अब हर कोई परिणाम जानने के लिए बेताब है। गली-मोहल्लों से लेकर बाजार में दुकानों तक हर कोई चुनाव परिणाम की चर्चा करता दिख रहा है। मतदान के बाद से हर कोई अपने वार्ड में पोलिंग प्रतिशत के हिसाब से प्रत्येक प्रत्याशी के कितने वोट आ सकते हैं, इसका आकलन करने में जुटा हुआ है। नोहर नगरपालिका मंडल के नए बोर्ड गठन के लिए 40 पार्षद पद के 124 प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में कैद हो गया है। पार्षद पद के लिए 71 पुरूष व 53 महिला प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। नगरपालिका क्षेत्र के वार्ड 6 में सबसे अधिक 7 प्रत्याशी हैं। वहीं चालीस वार्ड में से एक दर्जन वार्ड में आमने-सामने की टक्कर है। मात्र दो प्रत्याशी ही चुनाव मैदान में हैं। वहीं कस्बे के 19 वार्डों में पार्षद पद के लिए त्रिकोणीय संघर्ष है।
ऐसे में कौन किसको पटखनी देकर पार्षदगी हासिल करेगा, इसका अंदाजा लगाना आमजन के लिए टेढ़ी खीर साबित हो रहा है। दूसरी तरफ इस नगरपालिका चुनाव को लेकर सौदा बाजार में भी बड़े पैमाने पर पार्षद व पालिकाध्यक्ष पद पर कौन काबिज होगा, इस बात पर लाखों रुपए लगाए जा रहे हैं। नोहर के गांधी चौक में तो नगरपालिका चुनाव की सौदेबाजी के लिए थोड़ी-थोड़ी देर पर सौदागरों की भीड़ एकत्रित होती रहती है। मतगणना के बाद कांग्रेस व भाजपा दोनों दलों की ओर से जीत के संभावित प्रत्याशियों की बाड़ेबंदी भी शुरू हो गई है।

Published on:
30 Jan 2021 12:42 pm
Also Read
View All