11 सितंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hanumangarh : ‘वोट पहले ही पड़ चुका था’, नाराज मतदाता ने दर्ज कराई शिकायत, चुनाव अधिकारी ने दी टेंडर वोट की अनुमति

Goluwala Nikay Chunav : गोलूवाला। नगर पालिका चुनाव में वार्ड 23 के मतदाता रमेश मतदान करने पहुंचे तो उनके नाम से पहले ही वोट पड़ चुका था। इस पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने शिकायत दर्ज कराई। जिसके बाद उन्हें टेंडर वोट की अनुमति मिली। जानिए टेंडर वोट क्या होता है?
2 min read
Google source verification
hanumangarh goluwala angry voter ramesh files complaint officer allows tender vote

Goluwala Nikay Chunav : फाइल फोटो पत्रिका

Goluwala Nikay Chunav : गोलूवाला। नगर पालिका चुनाव में वार्ड 23 के मतदाता रमेश पुत्र रामस्वरूप मतदान करने पहुंचे तो उनके नाम से पहले ही वोट पड़ चुका था। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए नायब तहसीलदार राजदीप कौर से शिकायत की। नायब तहसीलदार उन्हें चुनाव अधिकारी एवं जनरल मजिस्ट्रेट डॉ. अवि गर्ग के पास ले गईं। मामले की जानकारी लेने के बाद डॉ. अवि गर्ग ने नियमानुसार टेंडर वोट की स्वीकृति दी। इसके बाद कृषि उपज मंडी समिति स्थित मतदान केंद्र पर रमेश ने टेंडर वोट के जरिए मतदान किया। बाद में उन्होंने वीडियो जारी कर प्रशासन की त्वरित कार्रवाई पर आभार जताया।

वहीं दूसरी तरफ ग्राम पंचायत से नगर पालिका का सफर तय करने के बाद गोलूवाला अब अपने पहले निकाय चुनाव के मुहाने पर है। शहर का दर्जा मिलने के बाद पहली बार होने जा रहे पालिका चुनाव को लेकर नागरिकों में खासा उत्साह नजर आ रहा है। गांव से शहर बनने की प्रक्रिया के बाद अब नागरिक अपने पहले नगर पालिका बोर्ड के गठन के लिए मतदान करेंगे। लोकतंत्र के इस पर्व को लेकर लोगों में उत्सुकता के साथ-साथ चुनाव परिणाम को लेकर भी चर्चाओं का दौर तेज है। प्रचार के अंतिम दिन प्रत्याशियों ने पूरी ताकत झोंक दी। सुबह से शाम तक प्रत्याशी और उनके समर्थक मतदाताओं के घर-घर पहुंचे और अपने पक्ष में मतदान की अपील की।

88 प्रत्याशियों के चुनावी भाग्य का फैसला आज EVM में हो जाएगा बंद

अब प्रत्याशियों की किस्मत मतदाताओं के हाथ में है। गोलूवाला के 25 वार्डों में कुल 13,200 मतदाता आज 11 सितंबर को मतदान कर 88 प्रत्याशियों के चुनावी भाग्य का फैसला करेंगे। पहली बार नगर पालिका चुनाव होने के कारण यह मतदान केवल पार्षद चुनने तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे गोलूवाला के पहले निर्वाचित पालिका बोर्ड की तस्वीर भी सामने आएगी। कहीं आमने-सामने तो कहीं बहुकोणीय मुकाबला चुनाव में कई वाडों के समीकरण अलग-अलग नजर आ रहे हैं।

वार्ड 23 और 24 में सबसे अधिक सात-सात प्रत्याशी मैदान में हैं, जिससे यहां मुकाबला बहुकोणीय हो गया है। वहीं वार्ड 4, 9, 12, 15 और 16 में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला है। इसके अलावा कई वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशी भी दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों के लिए चुनौती बने हुए हैं। कुछ स्थानों पर बागी और आजाद प्रत्याशियों की मौजूदगी ने मुकाबले को और रोचक बना दिया है। ऐसे में कई वार्डों में जीत का अंतर कितना रहेगा और कौन सा प्रत्याशी किसका समीकरण बिगाड़ेगा, इसे लेकर मतदाताओं के बीच भी चर्चाएं हैं।

14 सितंबर को आएंगे परिणाम

गोलूवाला में इस बात को लेकर कयास लगने लगे है कि पहला पालिका बोर्ड किस दल का बनेगा। फिलहाल सभी प्रत्याशी अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं। 11 सितंबर को शाम छह बजे मतदान समाप्त होते ही सभी प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में कैद हो जाएगी और 14 सितंबर को मतगणना के साथ परिणाम सामने आएंगे।

क्या होता है टेंडर वोट?

टेंडर वोट भारतीय चुनावों में एक विशेष प्रावधान है। जब कोई असली मतदाता मतदान केंद्र पहुंचता है और पता चलता है कि उसके नाम से पहले ही किसी और ने वोट डाल दिया है, तो उसे सामान्य ईवीएम से वोट नहीं डालने दिया जाता। ऐसी स्थिति में पीठासीन अधिकारी उसकी पहचान सत्यापित करने के बाद एक विशेष बैलेट पेपर देते हैं, जिसे टेंडर वोट कहते हैं। मतदाता उस पर निशान लगाकर अधिकारी को सौंप देता है। यह वोट अलग सीलबंद लिफाफे में रखा जाता है और सामान्य मतगणना में नहीं गिना जाता। केवल अदालत के आदेश पर ही इसकी गिनती हो सकती है, जब परिणाम प्रभावित हो सके। यह मतदाता के अधिकार की रक्षा करता है।

बड़ी खबरें

View All

हनुमानगढ़

राजस्थान न्यूज़

ट्रेंडिंग