11 सितंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Rajasthan Nikay Chunav : पोलिंग बूथ के बाहर भिड़ गए दो प्रत्याशी- थप्पड़ जड़ने का आरोप, जानें कहां और क्यों हुआ बवाल?

हनुमानगढ़ निकाय चुनाव 2026 के मतदान के दौरान बूथ 129-130 पर दो प्रत्याशियों में हाथापाई। थप्पड़ और ईंट से हमले की खबर से हड़कंप। भारी पुलिस बल तैनात।
3 min read
Google source verification
hanumangarh municipal election 2026 clash candidate slap voting updates

हनुमानगढ़ के एक पोलिंग बूथ के बाहर जमकर हंगामा - PIC

राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में निकाय चुनाव 2026 के दूसरे चरण के मतदान के दौरान शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब दो प्रत्याशियों और उनके समर्थकों के बीच तीखी बहस के बाद हाथापाई हो गई। हनुमानगढ़ के सुरेशिया इलाके में बने मतदान केंद्र संख्या 129 और 130 पर चुनाव प्रक्रिया के दौरान अचानक माहौल गरमा गया। एक प्रत्याशी ने दूसरे प्रत्याशी पर थप्पड़ मारने और ईंट से हमला करने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई।

इधर, बवाल की सूचना मिलते ही हनुमानगढ़ पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए डीएसपी मीनाक्षी और सीआई रामचंद्र कस्वा तुरंत भारी पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और मोर्चे को संभाला। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उपद्रव कर रहे लोगों को खदेड़ा और बूथ के बाहर सुरक्षा घेरा मजबूत किया।

घटना के तुरंत बाद भाजपा नेता अमित साहू भी मौके पर पहुंचे और निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थकों पर दादागिरी करने व हमला करने के खुले आरोप लगाए।

सुबह 10 बजे तक जिले में 26.66% मतदान

चुनावी संग्राम और सुरेशिया के बूथ पर हुए हंगामे के बीच जिले के मतदाताओं में वोट डालने को लेकर काफी उत्साह भी देखने को मिल रहा है। जिला निर्वाचन विभाग से मिले आंकड़ों के अनुसार, हनुमानगढ़ जिले के तीनों निकायों (हनुमानगढ़ नगर परिषद, गोलूवाला नगरपालिका और पीलीबंगा नगरपालिका) में सुबह 10 बजे तक औसतन 26.66 प्रतिशत मतदान दर्ज किया जा चुका है।

प्रातः 10 बजे तक मतदान के आधिकारिक आंकड़े:

नगर परिषद हनुमानगढ़: कुल 1,34,264 मतदाताओं में से 33,112 ने वोट डाला (24.66 प्रतिशत)

नगरपालिका गोलूवाला: कुल 13,200 मतदाताओं में से 5,070 ने वोट डाला (38.41 प्रतिशत)

नगरपालिका पीलीबंगा: कुल 30,811 मतदाताओं में से 9,345 ने वोट डाला (30.33 प्रतिशत)

कुल योग: 1,78,275 मतदाताओं में से अब तक 47,527 वोट गिर चुके हैं।

21,566 नए वोटर्स बदलेंगे राजनीतिक समीकरण

हनुमानगढ़ नगर परिषद में करीब 6 साल के लंबे अंतराल के बाद शहर की सरकार चुनने का दिन आया है। नगर परिषद के 60 वार्डों में कुल 1,32,946 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। वर्ष 2019 के निकाय चुनावों में यहां 1,11,380 मतदाता थे, जबकि इस बार 21,566 नए मतदाता सूची में जुड़े हैं।

मतदाताओं की संख्या में हुई 19.36 प्रतिशत की यह बढ़ोतरी कई वार्डों में हार-जीत के अंतर को पूरी तरह बदल सकती है। युवा और पहली बार वोट दे रहे मतदाताओं का रुख जिस तरफ झुकेगा, उसी प्रत्याशी का पलड़ा भारी होना तय है।

16 वार्डों के नतीजों पर सबकी टिकी नजरें

हनुमानगढ़ नगर परिषद के 60 वार्डों में इस बार कुल 277 उम्मीदवार मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। साल 2019 में जहां 234 प्रत्याशी मैदान में थे, वहीं इस बार 43 अधिक प्रत्याशी होने के कारण कई सीटों पर वोटों का बिखराव होना तय माना जा रहा है।

नगर परिषद के 16 वार्ड सबसे ज्यादा संवेदनशील और चर्चित माने जा रहे हैं। इनमें वार्ड संख्या 01, 07, 11, 13, 17, 18, 19, 21, 23, 28, 30, 31, 32, 42, 46 और 48 शामिल हैं। इन वार्डों के परिणाम न केवल प्रत्याशियों का भविष्य तय करेंगे, बल्कि नगर परिषद के आगामी सभापति चुनाव का राजनीतिक गणित भी तय करेंगे।

वीडियोग्राफी और अतिरिक्त पुलिस बल

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने शांतिपूर्ण मतदान के लिए पूरे शहर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। हनुमानगढ़ शहर में कुल 133 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं, जहां अतिसंवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ पूरे घटनाक्रम की वीडियो रिकॉर्डिंग कराई जा रही है।

शाम 6 बजे तक चलने वाले इस मतदान के बाद सभी ईवीएम (EVM) मशीनों को कड़ी सुरक्षा में सील कर दिया जाएगा। 6 साल बाद बन रही हनुमानगढ़ की इस नई सरकार का फैसला और मतगणना आगामी 14 सितंबर 2026 को की जाएगी।