
रोटी मांगने आया गब्बर, नहीं दी तो फोड़ा सिर
- गांव मक्कासर की घटना
- घायल को हालत बिगडऩे पर किया बीकानेर रेफर
हनुमानगढ़. गब्बर एक घर में रोटी मांगने गया। जब उसे इनकार कर दिया गया तो उसने लठ मारकर एक जने का सिर फोड़ दिया। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद तबीयत बिगडऩे पर उसे बीकानेर रेफर कर दिया गया। समाचार लिखे जाने तक इस संबंध में मामला दर्ज कराने की कार्रवाई चल रही थी।
पुलिस के अनुसार गांव मक्कासर में मारपीट की सूचना मिली। इस पर एएसआई शंभुदयाल स्वामी मय जाब्ता मौके पर पहुंचे। घायल बाबूलाल (29) पुत्र कोहलाराम भाट निवासी मक्कासर को एम्बुलेंस 108 से जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद घायल ने पुलिस को बताया कि बुधवार दोपहर वह घर में थे। तभी गांव का गब्बर सिंह पुत्र सरजीत सिंह मजहबी आया तथा रोटी मांगने लगा। उसे इनकार कर वहां से भगा दिया। आरोप है कि कुछ समय बाद आरोपित लाठी लेकर आया तथा गाली-गलौच करने लगा। इस पर वह पिता कोहलाराम के साथ बाहर गया तो आरोपित ने दोनों से मारपीट की। लाठी मारकर उसे घायल कर दिया। पुलिस आरोपों की पड़ताल कर रही है।