जल संसाधन विभाग कार्यालय में नारेबाजी कर जताया रोष
हनुमानगढ़.
भाखड़ा की एलएलडब्ल्यू नहर क्षेत्र के किसानों ने बुधवार को जल संसाधन विभाग कार्यालय के समक्ष नारेबाजी कर रोष जताया। किसानों ने आरोप लगाया कि नहर के आसपास पानी चोर सक्रिय हो गए हैं। नहर के बीच चोरों ने पाइप लगा रखी है। इसके कारण टेल के किसानों को सिंचाई के लिए पानी नहीं मिल रहा। नहर अध्यक्ष उश्नाक मोहम्मद ने बताया कि कई बार अधिकारियों से इस संबंध में शिकायत करने के बावजूद चोरी नहीं रूक रही। इसके कारण टेल के किसानों की बारी पिट रही है। मौके पर किसानों ने चोरी के लिए लगाई गई पाइप से संंबंधित वीडियो भी दिखाई।
किसानों का आरोप था कि कुछ प्रभावशाली किसानों के दबाव में अफसर चुप बैठे हैं। जबकि पानी चोरी सरेआम हो रही है। टेल के किसानों को सिंचाई पानी नहीं मिलने से खरीफ फसल प्रभावित हो रही है। टेल क्षेत्र के किसानों ने बताया कि जब से नहरबंदी खत्म हुई है तब से पानी चोर सक्रिय हैं। करीब चार माह से चोरी का सिलसिला जारी रहने के बावजूद इस पर लगाम लगाने को लेकर अधिकारी गंभीर नहीं हो रहे। विरोध स्वरूपर किसानों ने कई देर तक नारेबाजी की।
शीघ्र पानी चोरी नहीं रोकने पर किसानों ने आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी। प्रदर्शन करने वालों में रजीराम गोदारा, जोगेंद्र सिंह, ओम बिरडा, मोहनलाल, राजविंदर सिंह, तोलूराम, बलदेवराम व दलीप नैण आदि मौजूद रहे। मांग के अनुसार सिंचाई पानी नहीं मिलने से किसान परेशान हो रहे हैं। उधर बांधों में आवक की स्थिति भी संतोषजनक नहीं है। जिससे रेग्यूलेशन पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं।
कल तय होगा शेयर
बांधों में पानी की आवक अपेक्षित रूप से नहीं बढऩे के कारण आगे सिंचाई पानी पर संकट के बादल मंडरा रहे। 29 जून के बाद का शेयर निर्धारित करने के लिए 29 को ही बीबीएमबी की बैठक बुलाई गई है। इसमें आगे का शेयर निर्धारित किया जाएगा।