
15 को लगने वाले किसान मेले में तीन हजार किसान होंगे शामिल, डेयरी पशु आहार का बताएंगे महत्व
हनुमानगढ़. संगरिया स्थित कृषि विज्ञान केंद्र में 15 फरवरी को जिला स्तरीय किसान मेला लगाया जाएगा। इसे लेकर कृषि विभाग तैयारी में जुटा हुआ है। मेले में किसानों के साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधि और अधिकारी शामिल होंगे। कृषि विभाग ने 460 जनप्रतिनिधियों को मेले में आने के लिए आमंत्रित किया है। संबंधित क्षेत्र के कृषि पर्यवेक्षकों को अपने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित करने के लिए कहा गया है। किसान मेले के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि सांसद निहालचंद होंगे। जबकि अध्यक्षता जिला प्रमुख कलक्टर जाकिर हुसैन करेंगे। विशिष्ट अतिथि जिला प्रमुख कृष्ण चोटिया होंगे। कार्यक्रम में विधायक चौधरी विनोद कुमार, गुरदीप सिंह शाहपीनी, धर्मेंद्र मोची, अमित कुमार चाचाण व बलवान पूनियां भी अतिथि होंगे। मेले में स्टॉल लगाने के लिए पंजीकरण कार्य सुबह दस बजे तक चलेगा। तकनीकी सत्र सुबह साढ़े दस बजे शुरू होगा। मेले का शुभारंभ दोपहर डेढ़ बजे किया जाएगा। जबकि पुरस्कार वितरण दोपहर साढ़े तीन बजे किया जाएगा। ब्लॉक स्तर पर चयनित सात प्रगतिशील किसानों को पुरस्कृत किया जाएगा। मेले में करीब एक सौ कृषि उत्पादों की स्टॉलें लगने की संभावना है। इसमें गंगमूल डेयरी की ओर से निर्मित पशु आहार की स्टॉल भी अहम रहेगी। इस स्टॉल पर गंगमूल डेयरी के पशु आहार व अन्य उत्पाद की जानकारी किसानों को दी जाएगी। आत्मा परियोजना के निदेशक जयनारायण बेनीवाल ने बताया कि गंगमूल डेयरी में लगाए गए पशु आहार प्लांट की गुणवत्ता सबसे अच्छी है। इस प्लांट में बनने वाला पशु आहार बाजार के अन्य उत्पादों से काफी बेहतर है। इसी तरह मेले में अजोला को लेकर भी खास स्टॉलें लगाई जाएगी। पशु आहार में इसका उपयोग भी काफी बेहतर माना जा रहा है। कृषि यंत्र बनाने वाली कंपनियां भी मेले में स्टॉल लगाएगी। अनुमान के मुताबिक करीब तीन हजार किसान मेले में शामिल होंगे।