
हनुमानगढ़. बीकानेर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक डॉ. बीएल मीणा ने रविवार रात्रि और सोमवार दिन में जिले के आधा दर्जन पुलिस थानों का निरीक्षण किया और थानों की कार्य प्रणाली जानी। इस दौरान टिब्बी में ग्रामीणों से क्षेत्र में बढ़ रही नशावृति और पुलिस के इस पर कार्रवाई करने में नाकाम रहने की जानकारी मिलने पर महानिरीक्षक ने टिब्बी थाना प्रभारी शकील अहमद को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर करने के आदेश पुलिस अधीक्षक कालूराम रावत को दिए। पुलिस महानिरीक्षक ने जंक्शन, टाउन, पीलीबंगा, संगरिया, टिब्बी एवं तलवाड़ा पुलिस थानों का निरीक्षण किया।
आईजी ने जांचे थाने, कामकाज में सुधार का निर्देश
हनुमानगढ़. बीकानेर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक डॉ. बीएल मीणा ने सोमवार को कई पुलिस थानों का निरीक्षण किया। सुबह करीब आठ बजे जंक्शन थाने पहुंचे तथा अनुसंधान कक्ष, बैरक, कंप्यूटर शाखा, रिकॉर्ड रूम आदि का निरीक्षण किया। पुलिसकर्मियों से बातचीत कर कामकाज की समीक्षा तथा सुधार को लेकर निर्देश दिए। थाना प्रभारी पुष्पेन्द्र झाझडिय़ा से ऑनलाइन एफआईआर आदि की जानकारी लेकर इनमें शीघ्रता दिखाने को कहा। साथ ही थाना क्षेत्र में होने वाले अपराधों की जानकारी लेते हुए वांछित अपराधियों की धरपकड़ में तेजी लाने का निर्देश दिए।
बीट अधिकारियों की बैठक में आईजी ने कहा कि नशे, जुए व सट्टे के कारोबार पर अंकुश लगाने में सबसे अहम जिम्मेदारी बीट अधिकारी की है। इसलिए वे सक्रिय व सजग होकर अपना नेटवर्क मजबूत करे तथा इस धंधे पर लगाम लगाने को प्रभावी कार्यवाही करे। इससे पूर्व पुलिस जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर की सलामी दी। इस दौरान एसपी कालूराम रावत भी मौजूद रहे।
बढती नशावृत्ति रोकने की मांग को लेकर आईजी से की मुलाकात, सौंपा ज्ञापन
टिब्बी. बीकानेर रेंज के आईजी डॉ.बीएल मीणा ने सोमवार को टिब्बी व तलवाड़ा झील थाने का औचक निरीक्षण किया। थानों के निरीक्षण के दौरान आईजी ने पुलिस अधिकारियों को अपराध रोकने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस दौरान आईजी ने पुलिस अधिकारियों से कहा कि नशे के कारोबारियों, सट्टा व बुक्की चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने पर बीट कांस्टेबलों पर कार्रवाई होगी।
इसके साथ ही पुलिस अधिकारी भी इसके लिए जिम्मेदार होंगे। आईजी ने हार्डकोर अपराधियों को भी पकडऩे के लिए पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया। आइजी ने टिब्बी थाने के माल खाने, हथियारों व थाने के रिकार्ड का अवलोकन किया। आईजी के टिब्बी थाने पहुंचने के जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने टिब्बी के मुख्य बाजार सहित क्षेत्र में खुले अवैध शराब के ठेकों तथा नशे की सामग्री की सरेआम बिक्री के आरोप लगाते हुए नशे के कारोबार को रोकने के लिए आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
इस दौरान ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुलिस कार्रवाई नही होने से नशे व शराब के कारोबारियों के हौंसले बढे हुए है। जिसके कारण यहां हर तरह के नशे का कारोबार पनप रहा है। ग्रामीणों की शिकायत को आईजी ने गंभीरता से लेते हुए टिब्बी थाना सीआई शकील अहमद को लाइन हाजिर करने के निर्देश पुलिस अधीक्षक कालूराम रावत को दिए।
इस दौरान उन्होंने टिब्बी में एटीएम लूट की वारदात को असफल कर दो लूटेरों को पकडऩे पर पुलिस टीम को बधाई दी। इसके पश्चात आईजी तलवाड़ा झील थाने पहुंचे तथा पुलिस थाने में पुलिस कर्मियों की बैठक ली तथा नशे के विरूद्ध अभियान चलाने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होने थाना भवन के लिए आवश्यक भूमि का निरीक्षण किया।
इस मौके पर एसपी कालूराम रावत, पुलिस उपअधीक्षक देवानंद, तलवाड़ा झील थाना प्रभारी चंदभान धुंआ व पुलिसकर्मी मौजूद रहे। इससे पूर्व टिब्बी व तलवाड़ा झील थानो में आईजी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। क्षेत्र में नशे के बढते कारोबार पर रोक लगाने की मांग को लेकर सोमवार को पूर्व उपजिला प्रमुख शबनम गोदारा के नेतृत्व में काग्रेस कार्यकत्र्ताओं के प्रतिनिधि मण्डल ने पुलिस थाना परिसर में आईजी बीएल मीणा से मुलाकात की। इस मौके पर शबनम गोदारा ने आईजी बीएल मीणा को टिब्बी व संगरिया में बढ़ते नशे के कारोबार के बारे में जानकारी देते हुए उसकी रोकथाम की मांग की।
उन्होने कहा कि नशे के कारोबारियों में पुलिस का भय नही होने के कारण सरेआम नशे का व्यापार किया जा रहा है। आई जी ने नशे के कारोबारियों के खिलाफ आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया। इस मौके पर युवक कांग्रेस के मान सिंह राठौड सहित अनेक कार्यकत्र्ता मौजूद थे।
बकाया प्रकरणों का जल्द हो निस्तारण
पीलीबंगा. आईजी बीएल मीणा ने स्थानीय पुलिस थाने का सोमवार को निरीक्षण किया। आईजी ने बीट प्रणाली सुदृढीकरण लागू करने, नशे के कारोबारियों के विरूद्ध प्रभावी कार्रवाई करने, हार्डकोर व केस ऑफिसर स्कीम का प्रभावी क्रियान्वयन करने व कांस्टेबल नफरी बढाने के निर्देश मौके पर उपस्थित अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र मीणा को दिए। मीणा ने पुलिस अधिकारियों, कांस्टेबलों सहित स्थानीय समस्याओं पर चर्चा करते हुए राजीनामा प्रकरणों, बीट प्रणाली व लंबीत प्रकरणों का शिघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एएसपी नरेंद्र मीणा, डीवाईएसपी दिनेश राजोरा, थाना प्रभारी धीरेंद्र सिंह, सीएलजी सदस्य निखिल बिश्रोई सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। आईजी मीणा ने निरीक्षण के पश्चात कालीबंगा स्थित ऐतिहासिक संग्रहालय का भ्रमण किया। यहां संग्रहालय में मौजूद अवशेषों व थेहड़ के बारे में जानकारी ली। (नसं.)
लूट मामले का पटाक्षेप करने के निर्देश
संगरिया. आईजी बीएल मीणा ने पुलिस थाने का सोमवार दोपहर निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न मामलों की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। मीणा ने बीट प्रणाली सुदृढीकरण लागू करने, नशों पर नकेल कसने, हार्डकोर व केस ऑफिसर स्कीम का प्रभावी क्रियान्वयन, बैरक व आवासीय क्र्वाटरों के लिए नगरपालिका से वात्र्ता कर जगह आवंटन करवाने, हार्डकोर अपराधियों की गिरफ्तारी सहित ८-१० कांस्टेबल नफरी के रुप में अतिरिक्त लगाने के निर्देश एसपी कालूराम रावत को दिए।
मीणा ने थाने का मालखाना, कंप्यूटर कक्ष, अधिकारियों व आईओ कार्यालय सहित बरामद सामान आदि भी देखे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों व कार्मिकों से बातचीत कर समस्याओं को जाना। वहीं विभिन्न धाराओं, राजीनामा प्रकरणों, मौजूदा स्थिति, बीट प्रणाली जैसे मुद्दों पर चर्चा करते हुए गुर बताए।
आईजी ने कॉटन फैक्ट्री के मुनीम से ३ नवंबर दोपहर पिस्तौल की नोक पर हुई १९ लाख रुपए लूट का शीघ्र पटाक्षेप करने की सख्त हिदायत दी। वे थाने पहुंचे कुछ फरियादियों से भी मिले। इससे पूर्व उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। निरीक्षण दौरान उनके साथ एसपी रावत, डीएसपी देवानंद, थाना प्रभारी अरुण चौधरी मौजूद रहे। [पसं.]