हनुमानगढ़

रंजिशवश की थी हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार

http://www.patrika.com/rajasthan-news

2 min read
demo pic

संगरिया.

ढाबां-जोतांवाली मार्ग पर गांव ढाबां निवासी जसविंद्रसिंह की मौत मामले में तीन जनों को डीएसपी देवानंद ने गिरफ्तार कर सोमवार सायं न्यायिक अभिरक्षा में हनुमानगढ़ जेल भेज दिया। जबकि तीन अन्य आरोपित फरार हैं। जिनकीे धर पकड़ में पुलिस जुटी है। मामले की जांच कर रहे डीएसपी देवांनद ने देर शाम हत्याकांड का खुलासा किया। विभत्स तरीके से पुरानी रंजिशवश हुई इस हत्या में पुलिस ने 13 जुलाई को परिजनों की रिपोर्ट पर अज्ञात जनों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। जो बाद में अनुसूचित जाति जनजाति धाराएं जुडऩे पर डीएसपी स्तर तक पहुंच गया।


पुलिस ने छह जनों ढाबां निवासी श्रवणकुमार पुत्र दलीपराम जाट, गांव शेरेकों के वार्ड 10 निवासी विकास पुत्र ओमप्रकाश तथा वार्ड 25 संगरिया निवासी महेन्द्र कुमार पुत्र मनफूलराम बिश्रोई, अभय पुत्र धर्मपाल जाट, कुलदीप उर्फ कालू जाट व गुरविन्द्रसिंह जटसिख निवासी दूदाखीचड़ (सादुलशहर) को हत्या में शामिल माना है। गहन जांच में ये बात सामने आई कि मृतक 12 जुलाई की रात शराब ठेके पर गया। वहां सैल्समेन के साथ उसकी बोलचाल हो गई। इस पर सेल्समेन ने अपने साथियों को बुला लिया। सबने मिलकर बुरी तरह से मारपीट कर उसे मरणासन्न हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गए।

हनुमानगढ़ में उपचार के दौरान जसविन्द्र ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामले में आरोपी श्रवण कुमार, महेन्द्र कुमार व विकास को रविवार रात गिरफ्तार किया लेकिन शेष आरोपी फरार हैं। पकड़े गए आरोपितों को सोमवार सायं कोर्ट में पेश करने पर उन्हें जेल भेज दिया। विकास व महेन्द्र से पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लाठी बरामद कर ली है। डीएसपी ने कहा कि शीघ्र बाकी आरोपित गिरफ्त में होंगे। मामले अनुसार 12 जुलाई की रात 11 बजे जुतांवाली से मृतक गांव ढाबां निवासी जसविन्द्रसिंह पुत्र रामकुमार वाल्मीकी बाइक पर घर आ रहा था। परिजनों को वह संदिग्ध घायल हालत में एक खेत के पास सड़क पर पड़ा मिला। हस्पताल में उपचार दौरान गंभीर चोटों से हनुमानगढ़ में मौत हो गई थी। परिजनों ने अज्ञात जनों पर मृतक को रास्ते में रोक कर मारपीट व भारी हथियार से वार करने, मरा समझकर सड़क पर फेंकने तथा बाइक तोडऩे का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया था।

Published on:
16 Jul 2018 08:24 pm
Also Read
View All