- युवाओं ने किया गतका प्रदर्शन - सत्संग आज व पाठ का भोग कल
संगरिया. गुरुनानक जयंती के अवसर पर स्थानीय सिख संगत द्वारा गुरुवार को नगर कीर्तन का आयोजन किया गया। पंज प्यारों की अगवानी में नगर कीर्तन गुरुद्वारा सिंहसभा (मुख्य गुरुद्वारा) से प्रारंभ हुआ। गुरू ग्रंथ साहिब की पालकी की आकर्षक फूलों से सजावट की गई। मार्ग में केआर उच्च माध्यमिक विद्यालय व बीएन उच्च माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा रंगोली सजाकर व पुष्प वर्षा कर नगर कीर्तन का स्वागत किया गया। नगर कीर्तन गुरुद्वारा से प्रारंभ होकर नई धान मंडी, पटवारी मोहल्ला, भगतपुरा रोड, राजकीय चिकित्सालय रोड, मुख्य बाजार, दुर्गामंदिर रोड, शनि मंदिर रोड, ओवरब्रिज, उधमसिंह चौक, गुरुद्वारा रोड पर होते हुए पुन: गुरुद्वारा परिसर पर सम्पन्न हुआ।
मार्ग में युवाओं द्वारा क्रांति चौक, गांधी चौक, उधम सिंह चौक पर गतका प्रदर्शन व शौर्य प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में राजकीय विद्यालय करड़वाला सादुलशहर के स्काउट-गाइड ने सेवाएं दी। गुरुनानक सेवा समिति के गुरुदत्त नेहरा ने बताया कि कार्यक्रम में सुखचैन सिंह शाहपीनी अमृतसर के रागी जत्थे, प्रवीण सिंह अमृतसर प्रचारक, रणजीत सिंह चौहला साहिब के कविश्वर जत्थे, जगदीप सिंह ढाढी जत्था द्वारा गुरू महिमा का बखान किया गया। विचित्र सिंह गतका पार्टी के युवाओं द्वारा शौर्य प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंध समिति के प्रधान सुरेंद्र सिंह कलसी, राजेंद्र सिंह सचिव, लखविंद्र सिंह व्याख्याता, सुखदेव टेलर, गुरदेव सिंह सरां, जसवीर सिंह, जोगेंद्र सिंह, गुरजंट सिंह बराड़ आदि उपस्थित रहे।
गांधी चौक में धर्म सभा का आयोजन किया गया। नगरकीर्तन के मार्ग की सफाई के लिए एक दर्जन युवाओं की टीम ने नेतृत्व करते हुए मार्ग सफाई व पानी के छिड़काव का कार्य किया। सड़क के दोनों ओर सफेद व लाल रंग से लाइनिंग की गई व मार्ग में स्वागत द्वार बनाए गए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं व बच्चों ने भाग लिया। प्रकाश पर्व की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को गुरुद्वारा परिसर में रात्रि साढे सात से ११बजे तक सत्संग कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। प्रकाश पर्व पर शनिवार को सुबह पाठ का भोग, कीर्तन-समागम व लंगर का आयोजन किया जाएगा।