स्वास्थ्य

Heart Specilaist ने बताया- दिल की सेहत के लिए 30 के बाद किन पांच बातों का ख्याल रखना है जरूरी

Heart Attack Prevention After 30: कम उम्र में बढ़ रहे दिल के दौरे के मामलों के बीच हृदय रोग विशेषज्ञ ने बताया कि 30 की उम्र के बाद कौन-सी 5 आदतें अपनाने से दिल लंबे समय तक स्वस्थ रह सकता है।
3 min read
May 25, 2026
Heart Attack in Hindi, Heart Care Tips, Heart Attack Prevention After 30
हृदय को दर्शाती प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo- freepik)

Heart Attack Prevention: आजकल युवाओं में दिल के दौरे (Heart Attack) और कार्डियक अरेस्ट के मामले जिस तेजी से बढ़े हैं, उसने सबको डरा दिया है। एक दौर था जब दिल की बीमारियों को ढलती उम्र की निशानी माना जाता था, लेकिन आज 30 से 40 साल के फिट दिखने वाले लोग भी इसका शिकार हो रहे हैं। हेल्थ एक्सपर्ट्स और डॉक्टरों की मानें तो हमारी सुस्त लाइफस्टाइल, हर वक्त का तनाव, अधूरी नींद और जंक फूड की आदत हमारे दिल पर भारी पड़ रही है।

हृदय रोग सर्जन डॉ. जेरेमी लंदन का कहना है कि अगर हम 30 की उम्र पार करते ही अपनी कुछ आदतों को सुधार लें, तो 80 साल की उम्र तक भी अपने दिल को बिल्कुल जवान और सेहतमंद रख सकते हैं। आइए जानते हैं डॉक्टर की वो 5 जरूरी सलाह, जिन्हें आज से ही लाइफस्टाइल का हिस्सा बनाना जरूरी है:

  1. धूम्रपान को कहें अलविदा

अक्सर लोग सोचते हैं कि सिगरेट या बीड़ी का धुआं सिर्फ फेफड़ों को सड़ाता है, लेकिन सच यह है कि इसका पहला और सबसे घातक असर आपके दिल पर पड़ता है। डॉ. जेरेमी के मुताबिक, चाहे सिगरेट हो या आजकल का ट्रेंड बन चुका वेपिंग (Vaping) हर तरह का धूम्रपान हमारी रक्त वाहिकाओं (Blood Vessels) को सिकोड़ देता है। इससे नसों में ब्लॉकेज का खतरा कई गुना बढ़ जाता है, जो सीधे हार्ट अटैक की वजह बनता है।सीधा असर दिल और रक्त वाहिकाओं पर भी पड़ता है। इससे दिल का दौरा और नसों में रुकावट का खतरा बढ़ सकता है।

  1. प्लेट में सुधार, दिल को राहत

30 की उम्र पार करते ही हमारे शरीर का मेटाबॉलिज्म धीमा होने लगता है। ऐसे में देर रात का जंक फूड, पैकेट बंद स्नैक्स, कोल्ड ड्रिंक्स और ज्यादा तेल-मसाले वाला खाना सीधे दिल की धड़कनों पर वार करता है। डॉक्टर की सीधी सलाह है कि अपनी डाइट में जितनी ज्यादा हो सके हरी सब्जियां, ताजे फल, दालें, साबुत अनाज और लीन प्रोटीन शामिल करें। आप क्या खा रहे हैं, यही तय करेगा कि आपका दिल कब तक आपका साथ देगा।

  1. साइलेंट किलर बीपी पर रखें नजर

हाई ब्लड प्रेशर (रक्तचाप) को मेडिकल की भाषा में 'साइलेंट किलर' कहा जाता है, क्योंकि इसके लक्षण आसानी से सामने नहीं आते। जब तक इंसान को पता चलता है, तब तक दिल को काफी नुकसान हो चुका होता है। इसलिए, 30 के बाद हर कुछ महीनों में अपना बीपी जरूर चेक करवाएं। इसे नजरअंदाज करना सबसे बड़ी भूल हो सकती है।

  1. पसीना बहाना है जरूरी, सिर्फ डाइट से काम नहीं चलेगा

अगर आप सोचते हैं कि सिर्फ अच्छा खाकर आप दिल को सुरक्षित रख लेंगे, तो आप गलत हैं। दिल को मजबूत रखने के लिए शरीर को थकाना भी जरूरी है। रोज कम से कम 30-40 मिनट की वॉक, रनिंग, साइकिलिंग या योग को अपनी दिनचर्या बनाएं। इसके साथ ही, हफ्ते में दो दिन हल्की स्ट्रेंथ ट्रेनिंग (वेट ट्रेनिंग) जरूर करें ताकि मांसपेशियां और दिल दोनों मजबूत रहें।

  1. नींद से समझौता यानी दिल से खिलवाड़

आज की स्क्रीन लाइफ में लोग 5-6 घंटे की नींद को काफी मानने लगे हैं, जो कि बेहद खतरनाक है। सोते समय हमारा शरीर खुद को रिपेयर करता है और दिल की नसें शांत होती हैं। अगर आप लगातार कम सो रहे हैं, तो आपका स्ट्रेस हार्मोन (Cortisol) बढ़ेगा, जिससे मोटापा और बीपी की समस्या शुरू हो जाएगी। दिल को लंबी उम्र देनी है, तो 7 से 8 घंटे की सुकून भरी नींद बेहद जरूरी है।

वक्त रहते संभलना क्यों है जरूरी?

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के आंकड़े चौंकाने वाले हैं, दुनिया भर में हर साल करीब 1.79 करोड़ लोग दिल की बीमारियों के कारण अपनी जान गंवाते हैं। भारत में यह आंकड़ा और भी डराने वाला है क्योंकि यहां युवाओं में इसके मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। डॉक्टर साफ कहते हैं कि अस्पताल के चक्कर काटने से बेहतर है कि आज से ही अपनी इन 5 छोटी-छोटी आदतों को बदल लिया जाए। आखिर दिल आपका है, तो ख्याल भी आपको ही रखना होगा।

डिस्क्लेमरः इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह क्वालीफाइड मेडिकल ऑपिनियन का विकल्प है। लेकिन पाठकों को सलाह दी जाती है कि वह कोई भी दवा, उपचार या नुस्खे को अपनी मर्जी से ना आजमाएं बल्कि इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह जरूर ले लें।

Updated on:
25 May 2026 12:15 pm
Published on:
25 May 2026 12:15 pm