स्वास्थ्य

Heatwave Alert: तेज गर्मी में किडनी पर पड़ सकता है खतरनाक असर, जानिए कैसे बचें

Heatwave Alert: भारत में बढ़ती गर्मी और हीटवेव के कारण किडनी पर गंभीर असर पड़ सकता है। जानिए गर्मी में किडनी को कैसे सुरक्षित रखें, कौन लोग ज्यादा जोखिम में हैं और किन लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
2 min read
• •
Mar 12, 2026
Heatwave Alert
Heatwave Alert (photo- gemini ai)

Heatwave Alert: भारत में 2026 की गर्मी सामान्य से ज्यादा तेज रहने की संभावना बताई जा रही है। आमतौर पर जब हीटवेव की बात होती है तो लोग सिर्फ लू, पसीना और डिहाइड्रेशन के बारे में सोचते हैं। लेकिन एक ऐसी समस्या भी है जो अक्सर नजरअंदाज हो जाती है, किडनी पर पड़ने वाला असर।

एक रिपोर्ट के मुताबिक दुनिया भर में करीब 78 करोड़ लोग क्रॉनिक किडनी डिजीज (CKD) से जूझ रहे हैं और भारत में लगभग 13.8 करोड़ वयस्क इससे प्रभावित हैं। बढ़ती गर्मी और हीटवेव के दौरान किडनी पर दबाव और भी बढ़ सकता है।

गर्मी में किडनी पर क्यों पड़ता है असर?

किडनी हमारे शरीर का बहुत अहम अंग है। यह शरीर से गंदे पदार्थों को फिल्टर करती है, पानी का संतुलन बनाए रखती है और ब्लड प्रेशर कंट्रोल करने में मदद करती है। जब तापमान बहुत ज्यादा हो जाता है तो शरीर खुद को ठंडा रखने के लिए ज्यादा पसीना निकालता है। इस दौरान शरीर का काफी पानी बाहर निकल जाता है। गर्मी में शरीर खून का बहाव त्वचा की ओर बढ़ा देता है ताकि शरीर ठंडा रह सके। लेकिन इससे किडनी तक पहुंचने वाला खून कम हो जाता है। अगर साथ में पानी की कमी भी हो जाए तो किडनी को ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है और उस पर दबाव बढ़ जाता है। लंबे समय तक ऐसी स्थिति रहने से किडनी डैमेज होने का खतरा भी बढ़ सकता है। यही वजह है कि खेतों में काम करने वाले मजदूर, निर्माण कार्य करने वाले लोग या सड़क पर काम करने वाले लोगों में किडनी से जुड़ी समस्याएं ज्यादा देखी जाती हैं।

किन लोगों को ज्यादा खतरा होता है?

कुछ लोगों को गर्मी में किडनी की समस्या होने का खतरा ज्यादा होता है, जैसे बुजुर्ग लोग, क्योंकि उम्र बढ़ने के साथ प्यास का अहसास कम हो जाता है। आउटडोर काम करने वाले लोग जैसे किसान, मजदूर, डिलीवरी वर्कर, डायबिटीज या हाई ब्लड प्रेशर के मरीज और जिनकी पहले से किडनी कमजोर है।

किडनी पर तनाव के संकेत

कई बार किडनी से जुड़ी समस्या के संकेत बहुत हल्के होते हैं और लोग उन्हें नजरअंदाज कर देते हैं। लेकिन गर्मियों में इन लक्षणों पर ध्यान देना जरूरी है:

  • लंबे समय तक पेशाब कम आना
  • गहरे रंग का पेशाब होना
  • पैरों या चेहरे में सूजन आना
  • ज्यादा थकान या चक्कर महसूस होना
  • गर्मी में कन्फ्यूजन या चिड़चिड़ापन बढ़ना
  • अगर ऐसे लक्षण बार-बार दिखें तो डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है।

गर्मी में किडनी को सुरक्षित कैसे रखें?

किडनी को सुरक्षित रखने के लिए सिर्फ पानी पीना ही काफी नहीं है, बल्कि कुछ और बातों का ध्यान रखना भी जरूरी है।

सही तरीके से हाइड्रेशन- प्यास लगने का इंतजार न करें। दिनभर थोड़ी-थोड़ी मात्रा में पानी पीते रहें। छाछ, नींबू पानी या ORS जैसे ड्रिंक भी शरीर में नमक और मिनरल्स की कमी पूरी करते हैं।

पानी से भरपूर चीजें खाएं- गर्मी में तरबूज, खरबूजा, अंगूर, खीरा और लौकी जैसी चीजें खाना फायदेमंद होता है। इनमें पानी की मात्रा ज्यादा होती है।

दोपहर की तेज धूप से बचें- दोपहर 12 से 3 बजे के बीच ज्यादा मेहनत वाला काम या धूप में रहना कम करें।

कैफीन और शराब कम लें- ज्यादा चाय, कॉफी या शराब शरीर से पानी जल्दी बाहर निकाल सकती है।

आजकल बढ़ती गर्मी सिर्फ बाहर का तापमान ही नहीं बढ़ा रही, बल्कि हमारे शरीर पर भी असर डाल रही है। इसलिए इस गर्मी में सिर्फ लू से बचना ही नहीं, बल्कि किडनी की सेहत का ध्यान रखना भी उतना ही जरूरी है। पर्याप्त पानी पीना, सही खाना और धूप से बचाव आपको इस खतरे से काफी हद तक सुरक्षित रख सकता है।

डिस्क्लेमर
इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह क्वालीफाइड मेडिकल ओपिनियन का विकल्प नहीं है। पाठकों को सलाह दी जाती है कि वे कोई भी दवा, उपचार या नुस्खा अपनी मर्जी से ना आजमाएं। इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है।
Updated on:
12 Mar 2026 12:44 pm
Published on:
12 Mar 2026 12:43 pm