-भोपाल में अनशन शुरू दिल्ली के मुख्यमंत्री भी रहेंगे
लोकेश तिवारी/होशंगाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार पर अक्सर हमला बोलने वाले भाजपा सांसद एवं फिल्म अभिनेता शत्रुधन सिन्हा और वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा ने आम आदमी पार्टी से हाथ मिला लिया है। वे भोपाल में शनिवार से राज्य की भाजपा सरकार के खिलाफ शुरू हो रहे आम आदमी पार्टी के अनिश्चित कालीन अनशन में शामिल होने आएंगे। इस धरने में दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल भी शामिल होंगे। यह खुलासा आप के प्रदेश अध्यक्ष आलोक अग्रवाल ने होशंगाबाद में किया। अग्रवाल अनशन पर बैठने से पहले शुक्रवार रात को होशंगाबाद आए और सुबह नर्मदा स्नान करने के बाद भोपाल लौट गए। वे धरने से पहले मां नर्मदा का आर्शीवाद लेने आए थे।
नर्मदा से की सत्ता की कामना
चुनाव के ठीक पहले भाजपा-कांग्रेस के साथ अब आप पार्टी भी चुनावी मूड़ में आ गई है। मंगलवार को सेठानी घाट पर पहुंचे आप पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आलोक अग्रवाल ने अनशन शुरू करने के पहले मां नर्मदा से प्रार्थना कर सत्ता प्राप्ती की कामना की।
कमलनाथ पर भी किया हमला
उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कमलनाथ के बिजली कंपनी में ६५०० शेयर हैं। उन्होंने मध्यप्रदेश सरकार पर आरोप लगाया कि सरकार की गलत नीतियों के कारण किसान आज आत्महत्या करने को मजबूर हैं।
सभी २३० सीटों पर लड़ेगी चुनाव
अग्रवाल ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी तैयार है। हम प्रदेश की २३० विधानसभाओं पर अपने प्रत्याशी उतारेंगे। गठबंधन के सवाल पर उनका कहना था कि आम आदमी पार्टी अपने दम पर चुनाव लड़ेगी और सरकार बनाएगी।
आज से भोपाल में अनशन
आम आदमी पार्टी किसानों का पूर्ण कर्जा माफ कराने और बिजली के दाम आधे हो इन दो प्रमुख मांगों को लेकर आज से करेंगे अनिश्चितकालीन अनशन कर रही है। इसमें प्रदेशभर के कार्यकर्ता शामिल होंगे।