नपाध्यक्ष आए बचाव में, बोले- राइट हेंडर हैं पार्षद, लेफ्ट से कैसे मार सकते हैं
हरदा. कलेक्टर के निर्देश पर बुधवार को बाजार में अतिक्रमण हटवाने गए नगर पालिका के आरआई गयाप्रसाद सेजकर की भाजपा पार्षद संजय लोकवानी ने पिटाई लगा दी। इससे वे वहीं गिर गए। पार्षद की यह हरकत कैमरे में कैद हो गई। मामले ने तूल पकड़ा तो पार्षद मारपीट करने से मुकर गए। नगर पालिका अध्यक्ष भी अपने पार्षद के बचाव में सामने आए और आरआई की ही गलती ठहराने लगे। पहले बोले- पार्षद राइट हेंडर (सीधे हाथ का उपयोग करने वाले) हैं, फिर लेफ्ट (उल्टे) हाथ से कैसे मार सकते हैं। फिर कहा-आरआई से सिर्फ पन्नी जब्त करने का कहा था, लेकिन वे अतिक्रमण हटाने लगे। घटना के बाद से नपा अमले में रोष है। वे पार्षद पर आपराधिक मामला दर्ज करने और पद से बेदखली की कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। ज्ञात हो कि २२ जून को पत्रिका ने 'बाजार में फैले अतिक्रमण नहीं हटा पाया प्रशासन, पुराने ढर्रे पर ही लग रहा बाजारÓ शीर्षक से अव्यवस्था पर खबर प्रकाशित की थी। इसके बाद कलेक्टर अनय द्विवेदी ने नपा सीएमओ को कार्रवाई के निर्देश दिए थे। बुधवार दोपहर में नपा के राजस्व उप निरीक्षक गयाप्रसाद सेजकर के नेतृत्व में अतिक्रमण अमला बाजार पहुंचा था।
नपाध्यक्ष से फोन पर बात करने के बाद की मारपीट
आरआई सेजकर ने बताया कि वे कलेक्टर के आदेश पर अतिक्रमण हटवाने के लिए गए थे। सब्जी बाजार, सराफा बाजार, फल बाजार में दुकानों के सामने डाले गए पीले पट्टे के बाहर रखे सामान को जब्त किया। इसके बाद अमला कपड़ा बाजार पहुंचा। जहां वार्ड १८ के भाजपा पार्षद संजय लोकवानी की दुकान के सामने रखी बैंचों को ट्राली में रखा तो वे नाराज हो गए। हमने उन्हें समझाया कि उनका सामान नहीं रखेंगे तो दूसरे लोग भेदभाव का आरोप लगाएंगे। इस पर वे बहस करने लगे और कार्रवाई रोकने का कहा। फिर नपाध्यक्ष सुरेंद्र जैन ने मोबाइल पर बात की और इसके बाद मारपीट शुरू कर दी। अचानक हमले से मैं, वहीं चक्कर खाकर गिर गया। मुझे करीब दस मिनिट बाद होश आया। साथी कर्मचारी उन्हें वाहन से नपा कार्यालय लेकर आए। इस मामले में सीएमओ दिनेश मिश्रा को लिखित में थाने में शिकायत के लिए आवेदन दिया है। घटना से नाराज कर्मचारियों का कहना है कि पूर्व में भी पार्षदों द्वारा मारपीट की गई थी। लेकिन उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं होने से उनके हौंसले बुलंद हैं।
क्या पद से हटाने की होगी कार्रवाई!
इसी तरह के एक मामले में कलेक्टर अनय द्विवेदी ने टिमरनी नगर परिषद के वार्ड क्रमांक 10 के पार्षद शहजाद खान को पद से पृथक करने के लिए नोटिस जारी किया है। पार्षद ने अवैध निर्माण को बचाने के लिए हल्ला मचाते हुए कार्रवाई रोकने का प्रयास किया था। तहसीलदार व सीएमओ द्वारा एसडीएम को दिए प्रतिवेदन में इसका उल्लेख था। इसी आधार पर नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। बुधवार को यहां हुआ घटनाक्रम भी इसी तरह का है। लेकिन पार्षद सत्ताधारी दल के हैं, इस कारण संभावनाएं कम हैं। हालांकि पीडि़त आरआई ने नपा अधिनियम की इसी धारा के तहत कार्रवाई की मांग की है।
कर्मचारियों से मारपीट बर्दाश्त नहीं
'अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कलेक्टर के आदेश पर की गई थी। इस दौरान आरआई से मारपीट की जानकारी मिली है। आरआई ने लिखित में भी दिया है। शिकायत की जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।Ó
दिनेश मिश्रा, सीएमओ
----------
मैंने नपा अमले से व्यापारियों को अतिक्रमण हटाने के लिए समय देने की मांग की थी। लेकिन आरआई सेजकर अभद्रता पर उतर आए। मैंने कोई मारपीट नहीं की। आरआई का व्यापारियों के साथ रवैया हमेशा ही आपत्तिजनक रहता है।Ó
संजय लोकवानी, पार्षद
-----------
दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। पार्षद ने मारपीट नहीं की सिर्फ सेजकर से मेरी बात कराने के लिए हाथ बढ़ाया था। आरआई जहां गिरे वह स्थान दूसरा है। घटनाक्रम के बाद जो फोटो सामने आए हैं वे अलग-अलग जगह के हैं। वैसे भी पार्षद राइट हेंडर हैं तो फिर लेफ्ट हैंड से थप्पड़ कैसे मार सकते हैं। सीएमओ ने आरआई को पॉलीथिन जब्ती करने भेजा था लेकिन वह बाजार में व्यापारियों की बैंच आदि जब्त करने लगे, इससे विवाद बढ़ा। दोनों पक्षों ने आवेदन दिए हैं। गुरुवार को बैठाकर सुलह कराई जाएगी। जिसकी गलती होगी वह माफी मांगेगा।Ó
सुरेंद्र जैन, नपाध्यक्ष