होशंगाबाद

अवैध शराब पकडऩे गई पुलिस और ढाबा संचालक के बीच हाथापाई, पुलिस वाहन के कांच फोड़े

पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ढाबा से अवैध शराब जब्त की

2 min read
अवैध शराब पकडऩे गई पुलिस और ढाबा संचालक के बीच हाथापाई, पुलिस वाहन के कांच फोड़े

हरदा/गहाल. गहाल गांव में रविवार शाम सिविल लाइन पुलिस चौकी और ढाबा संचालक व उसके साथियों के बीच जमकर हाथापाई हुई। पुलिस यहां अवैध शराब पकडऩे गई थी। हरदा से पहुंचे पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ढाबा से अवैध शराब जब्त की। इसी दौरान ढाबा संचालक और वहां काम करने वाले युवक की पुलिस ने पिटाई की। जिसमें दोनों लहूलुहान हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गांव में असलम खान ढाबा संचालित करता है। रात मेें वह अपने कर्मचारी राजेश के साथ एक्टिवा गाड़ी लेकर आया। तभी सिविल लाइन पुलिस चौकी के अधिकारी, कर्मचारी बाइक लेकर पहुंचे। उन्होंने वाहन से अवैध शराब जब्त की। ढाबा संचालक ने विरोध किया तो पुलिस ने पिटाई कर दी। कुछ समय बाद चार पहिया वाहन से पुलिस बल मौके पर पहुंचा। तभी असलम के भाई फिरोज ने पुलिस द्वारा उसका मोबाइल छुड़ाने पर हंगामा किया। उसने खुद पर पेट्रोल डालकर खुदकुशी करने की कोशिश की। पुलिस असलम और राजेश को अपने साथ पुलिस चौकी लेकर आई। विवाद दौरान पुलिस वाहन के कांच फूटने की भी खबर है। दोनों घायलों को जिला अस्पताल लाए। कुछ पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। उनका भी जिला अस्पताल में इलाज कराया। इधर, घटनाक्रम के बाद जिला अस्पताल में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया। एएसपी हेमलता कुरील ने बताया कि टीम के लौटने पर ही घटनाक्रम की जानकारी दी जा सकेगी। वहीं एसपी राजेश कुमार सिंह से इस संबंध में चर्चा के लिए मोबाइल पर कॉल किया लेकिन व्यस्तता के चलते उन्होंने रिसीव नहीं किया। टीआई सुभाष दरश्यामकर ने भी मोबाइल रिसीव नहीं किया। जिससेे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी नहीं मिल सकी। चौकी प्रभारी सुरेखा निमोदा ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई के लिए गए थे। असलम और राजेश को पकड़कर पुलिस वाहन में बैठाया तो वे सिर पटकने लगे। इसी के चलते वे घायल हुए। पुलिस ने अवैध शराब जब्त की है। यह कितनी मात्रा में है यह चौकी प्रभारी नहीं बता सकीं।

Published on:
12 Nov 2018 12:03 pm
Also Read
View All