होशंगाबाद

अमृतसर हादसे से नहीं लिया सबक, पटरियां पार कर रहे यात्री

रेलवे प्रबंधन की सूचना पर नहीं किसी का ध्यान, शो पीस बना फुट ओवर ब्रिज

2 min read
अमृतसर हादसे से नहीं लिया सबक, पटरियां पार कर रहे यात्री

हरदा. दशहरे पर अमृतसर में हुई ट्रेन हादसे के बाद भी यात्री सबक नहीं ले रहे हैं। आलम यह है कि शहर में रोजाना सैंकड़ों यात्री फुट ओवर ब्रिज का उपयोग न करके पटरियां पार कर रहे हैं। रेलवे स्टेशन पर दो व तीन नंबर प्लेटफार्म पर ही बड़ी गाडिय़ां आती हैं। ऐसे में यात्री पटरियों पार कर माल गोदाम के रास्ते से व जीआरपी के बाजू से बाहर निकलते हैं। यात्री रोजाना ऐसा करते हैं लेकिन उन्हें रोकने वाला कोई नहीं है। रेलवे एक्ट के तहत भी पटरियां पार करना अपराध है हालांकि इसके तहत यहां कोई कार्रवाई नहीं हुई। रेलवे स्टेशन पर बना फुट ओवर ब्रिज तो सिर्फ शो पीस बन गया है। रेलवे भी अनाउंसमेंट करके अपनी जिम्मेदारी पूरी कर रही है वहीं यात्री सहित आम लोग भी रोजाना अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं।
होम प्लेटफार्म का नहीं उपयोग: शहर में होम प्लेटफार्म का उपयोग नहीं होने से भी परेशानी ज्यादा बढ़ गई है। रेलवे स्टेशन पर होम प्लेटफार्म पर सिर्फ पैसेंजर ही आती है प्लेटफार्म की लंबाई कम होने की वजह से सभी बड़ी गाडिय़ां दो और तीन नंबर प्लेटफार्म पर आती हैं। अब समय बचाने के चक्कर में लोग पटरियां पार करते हैं। कितने यात्री पटरियां पार करते हैं इस बात का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि मालगोदाम के पास तो बाकायदा आटो स्टैंड बना हुआ है।
वहीं पटरी पार करने के दौरान हादसे भी हो रहे हैं, लेकिन फिर भी इसकी चिंता किसी को नहीं है। शनिवार को भी कामायनी एक्सप्रेस में चढऩे के लिए एक महिला पटरियां पार कर रही थी तभी दो नंबर प्लेटफार्म पर एक ट्रेन आ गई। महिला घबराहट में प्लेटफार्म पर नहीं चढ़ पाई। मौके पर मौजूद यात्रियों व प्वाइंट्समैन ने महिला को खींचकर प्लेटफार्म पर चढ़ाया। इस दौरान महिला को मामूली चोट आई है। गत माह भी २२ सितंबर को पटरी पार करने के दौरान दो बहने कामायानी एक्सप्रेस की चपेट में आ गईं थी। हादसे में एक महिला की मौत हो गई थी जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गई थी।

इनका कहना है...
यात्रियों को फुट ओवर ब्रिज का ही उपयोग करने की सलाह दी जाती है लेकिन अधिकतर यात्री पटरियां पार करते हैं। यात्रियों सूचना अनाउंसमेंट से दी जाती है। प्वाइंट्स मेन द्वारा इसकी जानकारी देते हैं।
जेपी तिवारी, स्टेशन अधीक्षक, हरदा

Updated on:
21 Oct 2018 11:16 pm
Published on:
22 Oct 2018 08:00 am
Also Read
View All