शासन से केरोसिन का आवंटन 53 हजार लीटर, वितरण में हो रही भारी धांधली
पिपरिया। राशन दुकानों से गरीबों को मिलने वाली शक्कर तो शासन ने पहले ही बंद कर दी अब केरोसिन वितरण में भी धांधली का बोलबाला है। रविवार को एसडीएम के राशन दुकान निरीक्षण में केरोसिन का वितरण की अनियमितता उजागर हुई है। जानकारी अनुसार शहर और ग्राम की राशन दुकानों का कुल आवंटन करीब ५३ हजार लीटर है लेकिन उपभोक्ताओं तक यह पहुंच ही नहीं पाता है।
रविवार को एसडीएम ने कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी के साथ राशन दुकानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण में जहां अधिकतर दुकानें बंद मिली वहीं सुभाष वार्ड और अंबेडकर वार्ड की राशन दुकानों से केरोसिन का वितरण होना नहीं पाया गया। उपभोक्ताओं की शिकायत थी कि केरोसिन कब वितरण हो जाता इसकी खबर तक नहीं लगती। कस्तूरबा वार्ड राशन दुकान मार्केटिंग की है यह दुकान भी बंद मिली। एसडीएम के आदेश पर संचालक को बुलवाकर दुकान खुलवाई गई तो पता चला कि इस माह का केरोसिन कोटा नहीं उठाया गया था। एसडीएम ने बताया कि केरोसिन वितरण में अनियमितता की लंबे समय से शिकायतें मिल रही थी। निरीक्षण में अनियमितताएं मिली है। विभागीय अनदेखी की भी जांच कराएंगे।
२० दुकान शहरी, ४५ ग्रामीण क्षेत्र में
कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी आशीष बाथम के अनुसार शहर में २० राशन दुकान हैं केरोसिन आवंटन ५400 लीटर है वहीं ग्रामीण क्षेत्र में ४५ दुकान हैं इनके लिए ४८000 लीटर हर माह केरोसिन का आवंटन है। जबकि गैस कनेक्शनधारी को केरोसिन वितरण नहीं होता है शेष अन्य उपभोक्ताओं के मान से आवंटन तय हुआ है।
डीलर की दुकान में एसडीएम ने डाला ताला
एसडीएम जांच के लिए राधाकृष्णन वार्ड स्थित केरोसिन डीलर घासीराम के गोदाम पहुंचे तो यहां ताला मिला। इस पर एसडीएम ने स्टॉक की जांच के लिए गोदाम में प्रशासन की ओर से ताला लगाकर डीलर को कार्यालय तलब किया है।
प्रशासन बंटवाएगा
&केरोसिन कोटा हजारों लीटर है जरुरतमंद को नहीं मिल रहा है वितरण में अनियमितताएं सामने आई हैं। इसकी मॉनीटरिंग तक प्रापर नहीं होती है। राजस्व दल एवं निगरानी समिति से माह में दिन फिक्स कर शहर और ग्रामीण उपभोक्ताओं को केरोसिन वितरण कराएंगे। जांच प्रतिवेदन मिलने पर अनियमितता बरते जाने वाले सेल्समैनों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
- मदन सिंह रघुवंशी, एसडीएम