होशंगाबाद

कांग्रेस ने पूछा- विधानसभा अध्यक्ष बताएं, किसके राज में हुई थी पिटाई..

पूर्व जिलाध्यक्ष ने कहा- कांग्रेस ने हमेशा सम्मान दिया, भाजपा शासन में हुआ लाठीचार्ज
2 min read
Madhya Pradesh congress latest news
Madhya Pradesh congress latest news

होशंगाबाद। दो दिन पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष की कुर्सी गवां चुके पूर्व जिलाध्यक्ष पुष्पराज पटेल ने सार्वजनिक मंच से विधानसभा अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक डॉ. सीतासरण शर्मा और उनके परिवार पर हमला किया। उन्हें वह वाकया याद दिलाया, जब पूर्व कलेक्टर फैज अहमद किदवई ने उनके परिवार के सदस्यों पर बीच सड़क पर डंडे बरसाए थे। बोले- मैंने, हाल ही में एक वीडियो देखा, जिसमें विधानसभा अध्यक्ष डॉ. शर्मा कह रहे हैं, कांग्रेस ने साठ साल में क्या दिया। मैं, उन्हीं से पूछना चाहता हूं-क्या नहीं दिया।
सतरस्ते पर आयोजित आमसभा में पटेल ने कहा- मैं डाक्टर साहब (सीतासरण शर्मा) से पूछना चाहता हूं कि वह किसका शासन था जिसमें उनके परिवार को सर्वोच्च पद तक पहुंचाया। वे कांग्रेस शासनकाल के स्कूलों में ही पढ़कर वहां पहुंचे। उनका इशारा पूर्व मुख्य सचिव की ओर था, जो शर्मा परिवार से हैं। फिर कहा- कांग्रेस ने उनके परिवार को सम्मान दिया लेकिन जब भाजपा का शासन आया तब एक अदना सा चार फुट का कलेक्टर लाठीचार्ज कर चला गया, तब भाजपा की विधायकी थी। जनता ने आपकों 56 हजार वोट से जिताया लेकिन जीत के बाद भी भाजपा ने जनता को कुछ नहीं दिया।
नर्मदा की यह हालत भाजपा शासन में हुई
उन्होंने कहा, कांग्रेस के दौर में नर्मदा मैयां अवरल बहती थी, उसके घाटों पर रेत के ढेर होते थे। लेकिन भाजपा के इन 14 सालों में ऐसी स्थिति आ गई कि करोंड़ों खर्च करके के भी नर्मदा की स्थिति नहीं सुधार पा रहे। मुख्यमंत्री को यात्राएं निकालना पड़ रही हैं। भाजपा शासन काल में भाजपा के विधायक और उनके भाई ने नर्मदा को इस स्थिति में ला दिया है। इटारसी अध्यक्ष पंकज राठौर ने आरोप लगाया कि विधानसभा अध्यक्ष के भतीजे खुद रेत उत्खनन में लिप्त है। इटारसी की नगर पालिका में भारी भ्रष्टाचार हो रहा है, इसमें भी उनकी संलिप्तत: है। यह नेता बुधवार देर शाम 'संविधान बचाओ, देश बचाओÓ यात्रा के होशंगाबाद पहुंचने पर आयोजित आमसभा में बोल रहे थे। राज्यसभा सदस्य राजमणि पटेल रीवा से 'संविधान बचाओ, देश बचाओÓ यात्रा लेकर निकले हैं। यह यात्रा भोपाल में समाप्त होगी।

भाजपा सरकार बदलना चाहती है संविधान : पटेल
सांसद एवं प्रदेश कांग्रेस के पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ अध्यक्ष राजमणि पटेल ने कहा कि प्रदेश में व्यापमं जैसे घोटलों ने युवाओं का भविष्य खराब किया है। भाजपा की नीतियां ऐसी है जिसमें छोटे से किसान को सजा हो जाती है और आरोपी मंत्री कैबीनेट में बैठता है। कर्नाटक चुनाव के दौरान जो हुआ उससे स्पष्ट है कि भाजपा कितनी अराजक हो गई है। प्रदेश में अमीर और गरीब के बीच कानूनन भेदभाव किया जा रहा है इसलिए हमने इस यात्रा को सत्ता बदलो संविधान बचाओ यात्रा का नाम दिया है। सात मई से शुरू हुई यात्रा का समापन 15 जून को भोपाल में होगा। इस मौके पर नव नियुक्त जिला कांग्रेस अध्यक्ष कपिल फौजदार, पूर्व विधायक सविता दीवान शर्मा आदि उपस्थित थे।

Updated on:
24 May 2018 11:27 am
Published on:
24 May 2018 03:11 pm