एक बार चेन पुलिंग से 15 से 20 मिनट ट्रेन लेट हो जाती है
इटारसी. चेन पुलिंग कर ट्रेनों को रोकने का मामला रेलवे के लिए सिरदर्द बन गया है। इससे रेलवे को राजस्व का नुकसान तो होता ही है, वही ट्रेनों के पिटने से समय पालन और सुरक्षा पर सवाल खड़े हो जाते हैं। इटारसी से जिन ट्रेनों में टीटीई जाते हैं, उनको यह चाबी दे दी गई है।
रेलवे ने अब एलबीएच कोच वाली ट्रेनें चला रही है। इस कोच में एक बार चेन पुलिंग से 15 से 20 मिनट ट्रेन लेट हो जाती है। दोबारा एयरप्रेशर बनने में वक्त तो जाया होता है, अलग से खर्च बढ़ता है। इसमें ये भी खासियत है कि जिस कोच की चेन पुलिंग होती है, उसी कोच में चाबी लगाने पर ही पुलिंग खत्म होगा। उसके बाद ही ट्रेन चल सकेंगी। चेन पुलिंग से ट्रेनों की लेटलतीफी पर रोक लगे और सुरक्षा के मद्देनजर यात्रियों को परेशान न होना पड़े, इसके लिए रेलवे ने ट्रेनों में चलने वाले टीटीई की भी जिम्मेदारी बढ़ा दी है।
अब नहीं करना होगा ड्राइवर या गार्ड का इंतजार
अभी तक चेन पुलिंग होने पर गार्ड बाबू या फिर ड्राइवर का इंतजार होता था। उनके पास अलार्म चेन पुलिंग (एसीपी) की री-सेटिंग की चाबी होती थी। वह कोच में पहुंच चाबी का इस्तेमाल करते, तो एयरप्रेशर लीकेज बंद होता था। फिर दोबारा एयरप्रेशन बनता था तो ट्रेन आगे बढ़ती थी। अब रेलवे ने चेन पुलिंग के बाद की कवायद वाली एसीपी री- सेटिंग चाबी को टीटीई को भी दे दी है। अब चेन पुलिंग पर गार्ड और ड्राइवर का इंतजार नहीं हो रहा। टीटीई तुरंत अपने पास मौजूद चाबी का इस्तेमाल कर एयरप्रेशर लीकेज रोक रहे हैं, वही ट्रेनें भी तुरंत ही पटरी पर चलने लग रही हैं। रेलवे अफसरों के मुताबिक, टीटीई के अलावा मैकेनिकल स्टॉफ को भी चाबी दी जाएगी, ताकि चेन पुलिंग के बाद एलएचबी कोच के जो ज्यादा नजदीक हो और जल्दी पहुंच सके, वही चाबी का इस्तेमाल कर ले। उधर पमरे कर्मचारी यूनियन ने रेलवे के इस निर्णय का स्वागत किया है। प्रवक्ता प्रीतम तिवारी ने बताया कि इससे रेलवे के संचालन में ट्रेनों का अनावश्.क समय बचेगा।
ट्रेन कोई भी हो, चाबी एक
चेन पुलिंग के बाद री सेटिंग वाली यह एल चाबी हर ट्रेन में इस्तेमाल हो सकती है। यही वजह है कि सूची बनाकर चाबी ड्राइवर, गार्ड, टीटीई और अन्य को दे दी गई है। ऐसे में ट्रेनें कोई भी हों चाबी काम आ जाएगी।
इनका कहना है
रेलवे ने ट्रेनों में चेन पुलिंग यानि एसीपी रोकने के लिए ट्रेनों में चलने वाले टीटीई को भी चाबी दे दी है। चेन पुलिंग होने पर टीटीई तुरंत जाकर चाबी लगाकर पुलिंग बंद कर सकता है। इससे ट्रेनों के खड़ी होने के समय में कमी आएगी।
- राहुल जयपुरियार, सीपीआरओ, पमरे, जबलपुर।