तवा नगर, नल कनेक्शन जोडऩे जिम्मेदारों ने झाड़ा पल्ला, बिजली कंपनी ने कहा, 13.60 लाख रुपए जमा करें, तभी जुड़ेगा कनेक्शन
इटारसी. गर्मी शुरू होने जा रही है, लेकिन इससे पहले ही तवानगर में नल कनेक्शन कटने के बाद रहवासी15 दिन से नागरिक पानी के लिए जद्दोजेहद कर रहे हैं। फिलहाल बिजली विभाग ने 13.50 लाख रुपए जमा करने पर ही कनेक्शन जोडऩे के लिए तैयार हो रहा है। इस बीच पंचायत सरपंच, सचिव से लेकर जिले के जिम्मेदार अधिकारी भी इस मामले से पल्ला झाड़ लिए हैं। ऐसे में यहां के 600 परिवार के 2500 लोग पानी के लिए तरस रहे हैं।
तवा नगर में पानी की समस्या पहली बार नहीं है। पिछले महीने भी बिजली विभाग ने कनेक्शन काट देने से लोग पानी के लिए परेशान होते रहे। इस बीच तहसलीदार की पहल पर बिजली विभाग ने कनेक्शन जोड़ दिए। 15 दिन के भीतर ही दोबारा कनेक्शन काट दिए, जिसे अब जोडऩे तैयार नहीं है।
रहवासियों में प्रशासन की चुप्पी को लेकर आक्रोश
तवानगर के रहवासी पानी के लिए परेशान हो रहे हैं। किसी के खेत से, तो किसी के बोर से पानी भरने को मजबूर है। कोई बाइक से, तो कोई 2 किमी दूर से पानी ला रहा है। इनकी समस्या को न विधायक सुन रहे, ना जिला प्रशासन। पंचायत के सरपंच और सचिव ने भी प्रशासन से मदद की गुहार की, पर इस मामले में जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि कोई रुचि नहीं ले रहे हैं। वही ग्राम पंचायत के पास इतना पैसा नहीं है कि है, कि बिजली का बिल जमा करके कटे कनेक्शन को पुन: जोड़ सकें।
पंचायत को जलकर वसूलने का कहा अधिकारियों ने
ग्राम पंचायत रानीपुर के तवानगर के बिजली बिल मामले पर जनपद पंचायत के अधिकारियों ने कहा कि जलकर वसूलकर बिल जमा करें, तभी कनेक्शन जुड़ पाएगा। वही दूसरी ओर रहवासी भी बिल देने को तैयार नहीं है। उनका कहना है कि पहले जल दो, फिर बिल दो। रहवासियों ने कहा कि ऐसे हालात में सरकार उनकी सुध ले और स्थायी हल निकाल
चक्काजाम पर दे रहे जेल भेजने की धमकी
तवानगर में सिंचाई विभाग के कर्मचारी और ग्रामीण मिलाकर करीब 5 हजार लोग रहते हैं। पंचायत रानीपुर के दो कुएं यहां हैं, जिनमें मोटर डालकर पाइप लाइन से घर-घर पानी पहुंचाया जाता था। इसमें से एक कुएं का बिजली बिल बिल बकाया से कंपनी ने दोनों कनेक्शन काट दिए। ग्रामीणों का कहना है कि सांसद-विधायक को धन्यवाद तिराहे पर काले झंडे दिखाकर चक्काजाम करने की चेतावनी दी है, जिसके बाद अधिकारियों ने जाम लगाने पर जेल भेजने की धमकी दे रहे हैं।
अब 2.5 हजार रहवासी पानी के लिए लड़ेंगे
तवानगर के लोग फिर से आंदोलन का मन बना रहे हैं। स्थानीय निवासी जनकलला चौकीकर, पूर्व सरपंच अभिषेक नायडू ने कहा कि अब यह आंदोलन निर्णायक होगा। हम पिछले सस्ताह सांसद उदय प्रताप सिंह से मिलने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन अधिकारियों ने हमें रोक दिया है। अब पानी के लिए लडेंग़े। ये लड़ाई तवानगर से शुरू होकर जिला मुख्यालय तक पहुंचेगी।
इनका कहना है
तवा नगर के कुएं से पानी देने वाले मोटर का कनेक्शन भारी बकाया बिजली बिल जमा नहीं होने से कंपनी ने काट दिया है। हमने वरिष्ठ अधिकारियों से समाधान करने की गुहार लगाई है। लाखों रुपए का बिल हमारे लिए जमा करना मुश्किल है। हम समस्या का हल करने का प्रयास कर रहे हैं।
- कौशल्या बाई, सरपंच, रानीपुर पंचायत, जपं केसला।