संगठन मंत्री और पार्टी पर लगाया तानाशाही का आरोप, बोले-एट्रोसिटी एक्ट का करते हैं विरोध
होशंगाबाद. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की जन आशीर्वाद यात्रा गुरुवार आधी रात को होशंगाबाद जिले के सिवनी मालवा में पहुंची। इससे पहले जिले की राजनीति में उस समय हड़कंप मच गया, जब यात्रा में शामिल होने जा रहे नेताओं के सामने भाजपा युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष और उपाध्यक्ष ने इस्तीफा पटक दिया। आरोप लगाया कि संभागीय संगठन मंत्री और मोर्चा के अन्य पदाधिकारी तानाशाही कर रहे हैं। साथ ही एट्रोसिटी एक्ट पर पार्टी का कदम ठीक नहीं है।
भाजपा संगठन की तानाशाही, दबाव और एट्रोसिटी एक्ट के विरोध में गुरुवार को युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष वैभव सिंह सोलंकी और उपाध्यक्ष लोकेश वर्मा ने अपना इस्तीफा दे दिया। इस्तीफे के साथ मंडल अध्यक्ष ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी अपलोड किया। जिसमें संभागीय संगठन महामंत्री श्याम महाजन और अन्य पदाधिकारियों पर तानाशाही पूर्ण रवैया का आरोप लगाया है। दोनों विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीताशरण शर्मा गुट से हैं। सोलंकी की मां संगीता सोलंकी जनपद अध्यक्ष हैं।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की जन आशीर्वाद यात्रा गुरुवार रात को होशंगाबाद जिले के सिवनी मालवा में पहुंची। उससे पहले शाम को ही युवा मोर्चा होशंगाबाद के मंडल अध्यक्ष और उपाध्यक्ष ने इस्तीफा दे दिया। इससे पार्टी में हलचल मच गई। इस्तीफे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। जिसमें सोलंकी ने कहा कि एसटीएससी कानून पर पार्टी का स्टेंड गलत है। मैं भी इसके खिलाफ हूं। आने वाली पीढ़ी को नुकसान होगा और मैं नहीं चाहता कि आने वाली पीढ़ी जिंदगी भर इससे जूझती रहे। साथ ही कहा कि इस्तीफा देने का दूसरा कारण भी है।
संगठन अंदरूनी विरोधाभास ज्यादा है। मुझे मेरे हिसाब से टीम नहीं बनाने दी गई। पार्टी में तानाशाही चल रही है। भाजपा के संगठनमंत्री श्याम महाजन, युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष प्रांशु राणे और मोर्चा के प्रभारी एवं भाजपा के कोषाध्यक्ष सुनील राठौर प्रेशर डालते हैं। वे कहते हैं कि सिर्फ हस्ताक्षर कर दो, नियुक्तियां हम करेंगे। इधर सुनील राठौर और राणे का कहना है कि वह साल भर में अपनी कार्यकारिणी नहीं बना पाए। भाजपा में सभी निर्णय सर्वसम्मति से होते हैं।
हाडा को बनाया नया मंडल अध्यक्ष
सोशल मीडिया पर इस्तीफा देने की खबर लगते ही संगठन हरकत में आया और चंद घंटे के अंदर ही देर शाम होशंगाबाद नगर मंडल अध्यक्ष पद पर ठाकुर राजदीप सिंह हाडा को नियुक्ति के आदेश जारी कर दिए। राजदीव को जल्द कार्यकरणी की घोषणा करने को कहा है। युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष प्रांशु राणे ने बताया कि पूर्व अध्यक्ष को पद से हटाने की कार्रवाई शुरू की गई थी। उन्हें नोटिस भी भेजा गया था लेकिन वे मिले नहीं। इस कारण उनकी दुकान पर नोटिस छोड़ दिया था।