बैतूल में स्टेडियम के पास विवाद
बैतूल। सोमवार को बंद कराने निकले कांग्रेस कार्यकर्ता बैतूल में आपस में ही उलझ गए। स्थिति विवाद तक पहुंची। स्थानीय लोगों के अनुसार स्थिति तूं-तू-मैं-मैं के बाद कॉलर पकडऩे तक आ गई। बाद में समझाइश पर माने। इस संबंध का वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर खूब वायरल होता रहा।
यह है मामला
दरअसल वीडियो में दिख रहा है कि स्टेडियम चौक पर कुछ कांग्रेसकार्यकर्ता खड़े हैं। इसी बीच एक बाइक आकर रुकती है। जिससे यहां पर खड़े एक अन्य युवक को टक्कर लगती है। इसके बाद विवाद शुरू हो जाता है। और सभी लोग आपस में एक दूसरे को धक्का-मक्की करने लगते हैं। एक युवक कॉलर पकड़ते हुए भी दिखाई दे रहा है।
बंद रहा सफल
बैतूल जिले में पेट्रोल-डीजल में मूल्यवृद्धि के विरोध में भारत बंद के तहत बैतूल बंद पूर्णत सफल रहा। व्यापारियों ने सुबह से अपने प्रतिष्ठान बंद रखे। वहीं कांग्रेसी नेताओं ने वाहन रैली निकालकर बैतूल बंद को सफल बनाए जाने की मांग व्यापारियों से की। दोपहर तक शहर में समस्त दुकानें बंद रही। शहर के प्रमुख मार्केट कोठीबाजार एवं गंज में भी सन्नाटा पसरा रहा।
पिपरिया
भारत बंद के तहत पिपरिया में कांग्रेसियों ने कराया बाजार बंद। कांग्रेस कार्यकर्ता बाइकों से बाज़ार के मुख्य मार्गो पर घूमते रहे। कई जगह हलकी कहासुनी हुई लेकिन सुबह १० बजे तक शांतिपूर्ण बन्द रहा। दो थानों की पुलिस भी चप्पे-चप्पे पर तैनात रही। कार्यकर्ताओ की बाइक रैली की पीछे दौड़ रही पुलिस मोबाइल।
इटारसी
शहर में सुबह ही कांग्रेस कार्यकर्ता जयस्तंभ चौक पर एकत्र हुए जहां सभी ने प्रदर्शन किया और नारेबाजी करते हुए बंद का समर्थन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सोहागपुर
सोहागर में भी सुबह से ही बंद शातिपूर्वक रहा है। यहां कांग्रेसियों ने दोपहर १ बजे तक बंद का समर्थन मांगा है।
यह है मांग
सोमवार को राष्ट्रीय कांग्रेस के बंद के आवहन पर कांग्रेस ने जिले के साथ भारत बंद किया। कांग्रेस अब केंद्र व राज्य सरकार को पेट्रोल को जीएसटी में लाने की मांग कर रही है। कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष अजय सैनी ने बताया कि सरकार की नीतियों के खिलाफ और पेट्रोलियम पदार्थों को जीएसटी में लाने के लिए बंद के लिए समर्थन मांगा है। जिसमें सभी दुकानदार आसानी से सहयोग देने के लिए तैयार हुए हैं। व्यापारियों से कांग्रेस ने शाम के शाम ४ बजे तक बंद की अपील की है। जिलाध्यक्ष कपिल फौजदार ने बताया कि उनके संपर्क के अनुसार बंद के दौरान मेडिकल और पेट्रोल पंप को छोड़ा गया है। बाकि शहर की सभी दुकानें सरकार की नीतियों के खिलाफ बंद करने जा रही हैं।
एक सप्ताह में दूसरी बार भारत बंद
एक सप्ताह में दूसरी बार भारत बंद किया जा रहा है। इसके पहले एससी एसटी एक्ट के विरोध में सपॉक्स ने ६ सितंबर को भारत बंद किया था। यह बंद मिलाजुला रहा था। प्रदेश में कुछ जगह विवाद की स्थिति भी बनी थी।