होशंगाबाद

मौसम अलर्ट: जिले में 15 जून से पहले दस्तक देगा प्री मानसून

बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात से देश मेें बदल रहा मौसम का मिजाज़
2 min read
Feature image

होशंगाबाद- जिले में सामान्यत: १५ जून के बाद मानसून दस्तक देता है लेकिन इस बार मानसून के पहले आने की संभावना है। मौसम विभाग की माने तो इस बार प्रीमानसून की गतिविधियां १५ जून के पहले ही शुरू होने की संभावना है। दरअसल बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान की वजह से प्रदेश सहित देश में मौसम का मिजाज़ बदला है। इस वजह से मौसम में नमी बढऩे तापमान में गिरावट आई है। वहीं कम दबाव का क्षेत्र बाहरी नम मौसम को आकर्षित करेगा। यही कारण है कि इस बार मानसून के पहले आने की संभावना है।

न्यूनतम तापमान में हुई गिरावट
जिले के न्यूनतम तापमान में गुरुवार को २.४ डिग्री की गिरावट हुई वहीं अधिकतम तापमान में भी १.२ डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। तापमान में गिरावट के बाद जिले का अधिकतम तापमान ४२ डिग्री व न्यूनतम तापमान २४.६ डिग्री दर्ज किया गया। वहीं पचमढ़ी में अधिकतम तापमान ३६.२ डिग्री व न्यूनतम तापमान १८.२ डिग्री रहा।

विस्थापितों की जमीन पर पौधरोपण
होशंगाबाद। खामदा के विस्थापितों की जमीन पर वन विभाग द्वारा पौधरोपण कराया जा रहा था। जिसका ग्रामीणों ने विरोध किया तो काम रोकना पड़ा। हालांकि विस्थापितों को समझाइश देने के बाद वे मान गए और पौधरोपण किया गया। विस्थापित ब्रजलाल मर्सकोले ने बताया कि विस्थापितों की दी गई जमीन पर पौधरोपण किया जा रहा था। जिसका विरोध किया गया था। वन अधिकारियों ने बताया कि जमीन का प्रस्ताव बनाकर भारत सरकार को भेजा गया है। मंजूरी मिलने पर जमीन आवंटित कर दी जाएगी। इसके अलावा विस्थापित पन्द्रह लोगों को विस्थापन की राशि भी नहीं मिली है। जिसकी मांग विस्थापित परिवारों ने कलेक्टर से की है।
पोस्ट ऑफिस में खाता खुलवाने उमड़ी भीड़
इटारसी। लॉकडाउन में थोड़ी ढ़ील मिलने के बाद गुरुवार को पोस्ट ऑफिस में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। लोग सरकारी राहत पाने के लिए जीरो बैलेंस अकाउंट खुलवाने के लिए डाकघर पहुुंच गए थे। जबकि इस तरह की फिलहाल कोई योजना नहीं है। इस दौरान यहां सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान भी नहीं रखा जा रहा था। ऐसे में इस तरह की लापरवाही महंगी पड़ सकती है।

Updated on:
22 May 2020 12:41 am
Published on:
22 May 2020 06:30 am