
होशंगाबाद। नागपुर रेलखंड के केसला से ताकू और कीरतगढ़ के बीच तार फैंसिंग की जाएगी। जिससे वन्य प्राणियों के साथ ही रेलवे कर्मचारियों की सुरक्षा भी की जा सके। रेलवे ने तार फैंसिंग के लिए वन विभाग को पत्र लिखकर इजाजत मांगी है। जिससे केसला से ताकू और ताकू से कीरतगढ़ के बीच रेलवे पटरियों के दोनों तरफ तार फैंसिंग की जा सके। उल्लेखनीय है कि केसला और ताकू के बीच वर्ष २०१५ में एक तेंदुआ और दो भालू शावकों की मौत के बाद वन विभाग के एसडीओ डीके वाश्निक ने भी तार फैंसिंग का प्रस्ताव बनाकर वरिष्ठ कार्यालय भेजा था , जहां से अभी तक इजाजत नहीं मिली है।
डीएफओ को लिखा पत्र : सहायक मंडल इंजीनियर कार्यालय बैतूल ने वन विभाग के डीएफओ को ३ नवंबर को पत्र भेजा है। जिसमें ताकू से केसला ७ किमी और केसला से कीरतगढ़ ३ किमी में तार फैंसिंग की योजना के बारे में बताया गया है। पत्र में यह भी कहा गया है कि अप और डाउन ट्रैक में रेलवे अपने खर्च पर फैंसिंग करेगी। इसलिए फैंसिंग बनाने की अनुमति प्रदान की जाए।
सुरक्षा के लिए उठाया कदम : रेलवे ने कर्मियों की सुरक्षा के लिए फैंसिंग की योजना बनाई है। पत्र में रेलवे ने ३ नवंबर को किमी ७५७ में कीरतगढ़ स्टेशन के पास जंगली भालू के हमले से घायल हुए रेलकर्मियों की घटना का हवाला दिया। यह भी बताया कि इससे पूर्व में भी तेंदुआ, भालू, जंगली इत्यादि पेट्रोलिंग के समय दिखाई देते हैं। जंगली जानवर ट्रैक के नजदीक या ट्रैक पर ना आए इसके लिए सुरक्षा के इंतजाम जरूरी है।
इन क्षेत्रों में बाघ ने किया शिकार
बुदनी के पास भीमकोटी जंगल क्षेत्र में रहने वाले बाघ का मूवमेंट मिडघाट और तालपुरा क्षेत्र में है। १३ नवंबर को बाघ ने बुधनी निवासी ९ वर्षीय शेखर को मार दिया था। कीरतपुर रेलवे स्टेशन के पास ३ नवंबर को मादा रीछ ने रेलकर्मी बख्तियार खान और रवि पांडे पर हमला करके घायल कर दिया था।
ट्रेन की चपेट में आने से जान गंवा चुके वन्यप्राणी
बागदेव के पास २३ अगस्त २०१५ को दो रीछ शावकों की मौत ट्रेन से टकराने के कारण हो गई थी।
5 जुलाई २०१५ को केसला व कीरतगढ़ के बीच रेलवे ट्रैक पर ट्रेन से टकराकर मादा तेंदुआ की मौत हो गई थी।
मिडघाट पर तेंदुआ की मौत भी १७ जून २०१५ को ट्रेन से टकराने से हो हुई।
मिडघाट के जंगलों में २१ मई २०१५ को एक बाघ ट्रेन से टकराकर घायल हो गया था। जंगल में तड़पते हुए २३ मई को उसकी मौत हो गई थी।
ताकू, कीरतगढ़ और केसला क्षेत्र के रेलवे ट्रैक पर वन्यप्राणियों और रेलकर्मियों की सुरक्षा के लिए तार फैंसिंग करने का प्लान है। वन विभाग को सहायक मंडल इंजीनियर कार्यालय बैतूल द्वारा पत्र लिखकर इजाजत मांगी गई है।
पीडी पाटिल, पीआरओ, नागपुर
रेलवे ट्रैक के आसपास किस तरह से फैंसिंग की जाएगी। रेलवे ने कैसा प्लान तैयार किया है, हम देखेंगे जिसके बाद तय होगा कि इजाजत दी जाए या नहीं। फिलहाल हमारे पास रेलवे का पत्र नहीं पहुंचा है।
विजय सिंह, वनमंडलाधिकारी