हुबली

गूंजा खेतेश्वर भवन: राजपुरोहित समाज की प्रतिभाओं का सम्मान, चित्रकला और रंगारंग प्रस्तुतियों से यादगार बना समारोह

शिक्षा, संस्कार और सामाजिक एकता की समृद्ध परंपरा को आगे बढ़ाते हुए राजपुरोहित समाज हुब्बल्ली की ओर से रविवार को गब्बुर गली स्थित खेतेश्वर भवन में प्रतिभावान विद्यार्थी सम्मान समारोह-2026 का भव्य आयोजन किया गया। संत खेतेश्वर की प्रेरणा से आयोजित इस समारोह में शिक्षा, खेल, सांस्कृतिक, कला एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले समाज के मेधावी एवं प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति पत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। समारोह में विद्यार्थियों की शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, चित्रकला प्रतियोगिता तथा समाज के वरिष्ठजनों की गरिमामयी उपस्थिति आकर्षण का केंद्र रही।
3 min read
राजपुरोहित समाज के प्रतिभावान विद्यार्थी सम्मान समारोह में उपस्थित समाज के वरिष्ठजन, महिलाएं, पुरुष, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी।
राजपुरोहित समाज के प्रतिभावान विद्यार्थी सम्मान समारोह में उपस्थित समाज के वरिष्ठजन, महिलाएं, पुरुष, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी।

शिक्षा और संस्कारों को सर्वोच्च प्राथमिकता
कार्यक्रम के प्रारंभ में राजपुरोहित समाज हुब्बल्ली के अध्यक्ष भूरसिंह पटाऊ ने स्वागत भाषण देते हुए सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं समाजबंधुओं का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि समाज सदैव शिक्षा और संस्कारों को सर्वोच्च प्राथमिकता देता आया है तथा प्रतिभाओं का सम्मान समाज के उज्ज्वल भविष्य में निवेश के समान है। कार्यक्रम के अंत में राजपुरोहित समाज हुब्बल्ली के उपाध्यक्ष शैतानसिंह मायलावास ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, पदाधिकारियों, अभिभावकों, विद्यार्थियों एवं समाजबंधुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

विद्यार्थियों को पुरस्कार वितरित
समारोह की मुख्य अतिथि शांति निकेतन अंग्रेजी माध्यम स्कूल की प्रधानाचार्य एम. विजयलक्ष्मी थीं। कार्यक्रम में समाज की ओर से उनका शाल, पुष्पमाला एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर आत्मीय सम्मान किया गया। अपने प्रेरणादायी संबोधन में उन्होंने समाज द्वारा प्रतिभाओं को सम्मानित करने की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं और उन्हें जीवन में आगे बढऩे की प्रेरणा देते हैं। इसके पश्चात उन्होंने समाज के पदाधिकारियों के साथ विद्यार्थियों को पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।

संत खेतेश्वर के स्वरूप ने मोहा मन
सम्मान समारोह की शुरुआत अत्यंत आकर्षक एवं भक्तिमय वातावरण में हुई। यूकेजी के छात्र श्रीहान पटाऊ ने संत खेतेश्वर का स्वरूप धारण किया। ढोल-नगाड़ों की गूंज और पुष्पवर्षा के बीच उनकी भव्य अगवानी कर उन्हें समारोह स्थल तक लाया गया। यह दृश्य पूरे कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा और उपस्थित लोगों ने तालियों से उनका स्वागत किया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कक्षा 6 की छात्रा खुशबू बालेरा ने गुरु वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। छात्रा प्रियल ने श्याम की दीवानी राधा रानी…गीत पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। मोहित ने घुंघरू छम-छमाछम बाजै रे…भजन की भावपूर्ण प्रस्तुति देकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। एलकेजी की छात्रा सान्वी पटाऊ ने चालौ जी पियाजी जयपुरिया…, कक्षा 4 की उर्वी मायलावास ने चूड़ी चमके…, कक्षा 7 की सुमित्रा बालेरा ने चक्रधारी…, कक्षा 5 की तनीशा आसोतरा ने बन्नी… तथा कक्षा 6 की नेतल अर्थंडी ने बींदणी… गीत पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। कार्यक्रम में निर्मला आमलारी ने शिक्षा के महत्व पर तथा पूनम आमलारी ने महिला सशक्तिकरण विषय पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत कर उपस्थित जनों को प्रेरित किया। कक्षा 6 की रानी रायथल एवं कक्षा 5 की दिव्या रायथल ने नाचू मिरगा… गीत पर सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि कक्षा 9 की करुणा उण एवं कक्षा 7 की कीर्ति उण ने गौरी-गौरी… गीत पर शानदार प्रस्तुति देकर दर्शकों की खूब सराहना प्राप्त की।

चित्रकला प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा
मुख्य समारोह से पूर्व कक्षा 1 से 6 तक के विद्यार्थियों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता को जूनियर एवं सीनियर वर्ग में संपन्न कराया गया। प्रतियोगिता का मूल्यांकन निधि जैन एवं याशिका जैन ने निर्णायक के रूप में किया। निष्पक्ष एवं उत्कृष्ट मूल्यांकन के लिए समाज की ओर से दोनों निर्णायकों का शाल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। सीनियर वर्ग (कक्षा 4 से 6) में इष्ठा रायथल ने प्रथम, कार्तिकेयन छोटी बावड़ी ने द्वितीय तथा तनीशा आसोतरा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। जूनियर वर्ग (कक्षा 1 से 3) में मीनत मायलावास प्रथम, तनीशा रायथल द्वितीय तथा तूफानसिंह उण तृतीय स्थान पर रहे। विजेताओं को मुख्य समारोह में पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

समाज के पदाधिकारियों एवं वरिष्ठजनों ने किया सम्मान
समारोह में राजपुरोहित समाज हुब्बल्ली के अध्यक्ष भूरसिंह पटाऊ, उपाध्यक्ष शैतानसिंह मायलावास, सचिव रणजीतसिंह रमणिया तथा कार्यकारिणी सदस्य हुकुमसिंह सेवाली, नकुलसिंह ओडवाड़ा, दलपतसिंह अर्थंडी, हरचनसिंह नरसाणा एवं बिशनसिंह भागली पुरोहितान उपस्थित रहे। सभी पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथि के साथ मेधावी एवं प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को पुरस्कार, प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह एवं मेडल प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। समारोह में राजपुरोहित समाज के वरिष्ठ सदस्य शांतिलाल सांथू, बालूसिंह रायथल, भूरसिंह उण, जगदीशसिंह उण, जब्बरसिंह सांकरणा, नरपतसिंह रेवतड़ा, भीमसिंह पटाऊ, विशनसिंह सांथू, सुरेश कुमार आसोतरा, माणकसा, नैनसिंह जावाल, हरिसिंह बालेरा, बाबूसिंह रमणिया, मदनसिंह मायलावास सहित बड़ी संख्या में समाज के वरिष्ठजन, अभिभावक एवं समाजबंधु उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Updated on:
06 Jul 2026 05:36 pm
Published on:
06 Jul 2026 05:36 pm