पारंपरिक गेर नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतिफागण के उल्लास और राजस्थान की समृद्ध लोक संस्कृति के रंगों के बीच हुब्बल्ली में देवासी समाज की ओर से होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। वासवी भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रवासी राजस्थानी समाज ने अपनी परंपराओं और संस्कृति की शानदार झलक प्रस्तुत की। कार्यक्रम में राजस्थान […]
पारंपरिक गेर नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति
फागण के उल्लास और राजस्थान की समृद्ध लोक संस्कृति के रंगों के बीच हुब्बल्ली में देवासी समाज की ओर से होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। वासवी भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रवासी राजस्थानी समाज ने अपनी परंपराओं और संस्कृति की शानदार झलक प्रस्तुत की। कार्यक्रम में राजस्थान के जालोर-सिरोही के सांसद लुम्बाराम चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने समाज के लोगों के साथ आत्मीयता से संवाद किया और सभी को होली की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान समाज के युवाओं ने पारंपरिक गेर नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति दी, जिसने पूरे माहौल को फागण के रंगों से सराबोर कर दिया। विशेष बात यह रही कि सांसद चौधरी ने भी युवाओं के साथ गेर नृत्य में शामिल होकर सभी का उत्साह बढ़ाया।
विभिन्न स्थानों से पहुंचे देवासी समाज के लोग
समारोह में हुब्बल्ली सहित आसपास के शहरों और गांवों में बसे राजस्थान मूल के देवासी समाज के बड़ी संख्या में प्रवासी परिवार शामिल हुए। कार्यख्रम के दौरान राजस्थान की लोक संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकता का अनूठा संगम देखने को मिला। महिलाएं भी पारंपरिक राजस्थानी वेशभूषा में नजर आईं, जिससे कार्यक्रम में सांस्कृतिक गरिमा और बढ़ गई। फागण के गीतों और उत्साह से भरे माहौल ने सभी को राजस्थान की यादों से जोड़ दिया।
सांस्कृतिक एकता को किया मजबूत
इस अवसर पर अतिथियों का पारंपरिक तरीके से साफा पहनाकर और शाल ओढ़ाकर सम्मान किया गया। समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि ऐसे आयोजन प्रवासी समाज को अपनी जड़ों से जोड़ते हैं और नई पीढ़ी को राजस्थान की संस्कृति और परंपराओं से परिचित कराते हैं। होली मिलन समारोह ने हुब्बल्ली में बसे राजस्थानी समाज के बीच आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक एकता को और मजबूत किया।
कई गणमान्य लोग थे उपस्थित
इस अवसर पर विष्णु समाज के अध्यक्ष उदाराम प्रजापत, पूर्व अध्यक्ष कालू सिंह, चौधरी समाज के अध्यक्ष सौपाराम, पूर्व अध्यक्ष दुदाराम चौधरी, बाबूलाल सीरवी, तेजाराम पटेल, किशोर पटेल अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इसके साथ ही इस मौके पर सिरोही चौधरी समाज के अध्यक्ष केराराम चौधरी, खगाराम चौधरी, चैनाराम चौधरी, बेलगावी से गिरधारीलाल देवासी, गदग से छत्राराम देवासी, अमराराम सराणा, मोहन देवासी, सांवलराम देवासी, निर्मल देवासी समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे। मंच संचालन मालाराम देवासी ने किया और सभी का स्वागत व अभिनन्दन किया। रतन सिलदर ने सभी का धन्यवाद प्रकट किया।