16 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

उभरती प्रतिभा: भरतनाट्यम में पारंगत लरिसा, अब उड़ान और मॉडलिंग में आजमा रही हैं भाग्य

रचनात्मक क्षेत्र में अपनी पहचान बनाने का संकल्प लिए लरिसा ढेलरिया आज की उभरती प्रतिभाओं में एक प्रेरणादायक नाम बनकर सामने आ रही

2 min read
Google source verification
राजस्थान मूल की लरिसा बी. ढेलरिया

राजस्थान मूल की लरिसा बी. ढेलरिया

भरतनाट्यम में छह वर्ष का प्रशिक्षण
कर्नाटक में अध्ययनरत और मूल रूप से राजस्थान के बालोतरा जिले के गढ़ सिवाना की निवासी लरिसा बी. ढेलरिया बहुआयामी प्रतिभा की धनी युवा हैं। भरतनाट्यम में छह वर्ष का प्रशिक्षण लेकर इस शास्त्रीय नृत्य में पारंगत बनने के साथ ही वह अब विमानन और मॉडलिंग जैसे क्षेत्रों में भी अपनी पहचान बनाने के लिए आगे बढ़ रही हैं। वर्तमान में वह कर्नाटक के दावणगेरे शहर में निवास कर रही हैं। उड़ान के सपनों के साथ-साथ रचनात्मक क्षेत्र में भी अपनी पहचान बनाने का संकल्प लिए लरिसा बी ढेलरिया आज की उभरती प्रतिभाओं में एक प्रेरणादायक नाम बनकर सामने आ रही हैं।

कमर्शियल पायलट बनने का लक्ष्य
लरिसा ने आरजी कॉलेज से वाणिज्य विषय में प्री-यूनिवर्सिटी कोर्स पूर्ण किया है और वर्तमान में नरसी मोनजी प्रबंधन अध्ययन संस्थान (एनएमआईएमएस), मुंबई से बीबीए (वित्त) की पढ़ाई दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से कर रही हैं। इसके साथ ही उन्होंने बेंगलूरु स्थित नारायण एविएशन अकादमी से ग्राउंड स्कूलिंग कोर्स पूरा किया है और आगे कमर्शियल पायलट बनने के लक्ष्य के साथ विदेश में प्रशिक्षण लेने की तैयारी कर रही हैं।

कला के क्षेत्र में विशेष पहचान
शिक्षा के साथ-साथ लरिसा ने कला के क्षेत्र में भी अपनी विशेष पहचान बनाई है। उन्होंने डा. मंगला के निर्देशन में भरतनाट्यम की बारीकियां सीखते हुए छह वर्षों का प्रशिक्षण प्राप्त किया है और इस नृत्य में दक्षता हासिल की है, जो उनके व्यक्तित्व में अनुशासन और अभिव्यक्ति की सुंदरता को दर्शाता है। मॉडलिंग के क्षेत्र में भी लरिसा तेजी से कदम बढ़ा रही हैं। पारिवारिक व्यवसाय शांतला वेडिंग मॉल के प्रचार के लिए वह 5-6 पेशेवर फोटोशूट में भाग ले चुकी हैं और उन्हें इस क्षेत्र में आगे बढऩे के प्रस्ताव भी मिल चुके हैं। वह मॉडलिंग में अपना भाग्य आजमाते हुए एक अलग पहचान बनाने की इच्छुक हैं।

माता तनुजा ढेलरिया का प्रोत्साहन
लरिसा धार्मिक प्रवृत्ति की भी हैं और धर्म के प्रति उनकी विशेष आस्था है। उनके घर में मंदिर बना हुआ है और आध्यात्मिक वातावरण में उनका पालन-पोषण हुआ है। उनकी माता तनुजा ढेलरिया उन्हें हर कदम पर प्रोत्साहित करती हैं, जो उनके आत्मविश्वास और सफलता का मजबूत आधार है। परिवार में उनकी बड़ी बहन लविशा वकालत की पढ़ाई कर रही हैं, जिससे शिक्षा और करियर के प्रति गंभीरता का वातावरण स्पष्ट झलकता है।